जिले में 62 फीसदी से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी सीएपीएफ परीक्षा
गाजियाबाद में केंद्रीय लोक सेवा आयोग द्वारा यूपीएससी सीएपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में 1774 में से 1075 अभ्यर्थियों ने पहली पाली में और 1113 ने दूसरी पाली में अनुपस्थित रहे। उपस्थिति दर क्रमशः 39.40% और 37.26% रही।

गाजियाबाद, गुलशन भारती। केंद्रीय लोक सेवा आयोग द्वारा जिले में रविवार को चार केंद्रों पर यूपीएससी सीएपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा दो पालियों में हुई, लेकिन आधे से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में 1774 में से 1075 ने परीक्षा छोड़ दी तो वहीं, दूसरी पाली में अनुपस्थित रहने वाले की संख्या बढ़कर 1113 हो गई। सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक आयोजित पहली पाली की परीक्षा में 39.40 फीसदी उपस्थिति रही। इसमें कुल पंजीकृत 1774 में से 699 ने परीक्षा दी और 1075 ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि दोपहर दो बजे से लेकर शाम पांच बजे तक की दूसरी पाली की परीक्षा में कुल 1774 में से 661 ने परीक्षा दी और 1113 अनुपस्थित रहे। इसमें 37.26 फीसदी उपस्थिति रही.
बायोमेट्रिक जांच और सख्त चेकिंग के बाद मिला प्रवेशः
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक जांच, तलाशी और सीसीटीवी की निगरानी के कड़े इंतजाम किए रहे। प्रवेश के समय मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य प्रतिबंधित सामान केंद्रों के बाहर ही जमा करवा लिए गए। केंद्रों के बाहर पुलिस बल भी तैनात रहा.
समय प्रबंधन रहा चुनौतिः
सेठ मुकुंद लाल इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर संतुलित था। सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स के प्रश्न ज्यादा थे। अंग्रेजी और गणित के प्रश्नों का स्तर मध्यम था। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि समय प्रबंधन के लिए पेपर थोड़ा लंबा लगा। सामान्य अध्ययन और रीजनिंग के कुछ प्रश्न थोड़े से उलझाने वाले रहे.


