वित्त मंत्री से मुलाकात के बाद कई संगठनों ने नो-यूपीआई का आह्वान वापस लिया
- एमडीआर को त्योहारी सीजन में टालने का आग्रह किया - एमडीआर की दर भी कम करने की मांग की नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। यूपीआई से 2000 रुपये से ज्यादा के भुगतान पर 0.4 फीसदी एमडीआर लागू किए जाने को लेकर...

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। यूपीआई से 2000 रुपये से ज्यादा के भुगतान पर 0.4 फीसदी एमडीआर लागू किए जाने को लेकर देश के कई व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल के साथ पहुंचे व्यापारियों ने त्योहारी सीजन में इसे लागू न किए जाने और इसकी दर कम किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने इससे छोटे दुकानदारों पर पड़ने वाले विपरीत प्रभाव से भी अवगत कराया। वित्त मंत्री से मिले आश्वासन के बाद व्यापारिक संगठनों ने 2 अक्तूबर को प्रस्तावित नो-यूपीआई का आह्वान वापस लेने की बात कही है।कर्तव्य
भवन में केंद्रीय वित्त मंत्री और व्यापारिक नेताओं के बीच हुई वार्ता में कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया, ऑल इंडिया कंज्यूमर प्रोडक्ट्स फेडरेशन के अध्यक्ष धैर्यशील पाटिल, ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन के चेयरमैन कैलाश लाखयानी, ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा पहुंचे थे। धैर्यशील पाटिल ने प्रस्तावित एमडीआर के कारण छोटे व मध्यम व्यापारियों पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभावों को उठाया। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान की बढ़ती गति और लोकप्रियता को बनाए रखना जरूरी है, लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि व्यापारियों पर कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ न डाला जाए। कैलाश लखनानी ने कहा अगर एमडीआर को लागू करना अनिवार्य है तो इसकी दर को 0.4 फीसदी से घटाकर 0.2 फीसदी या इससे भी कम किया जाए। क्योंकि अधिकांश कारोबारी 1.5 फीसदी मार्जिन पर कारोबार कर रहे हैं। बैठक के बाद प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि वार्ता में व्यापारिक संगठनों की ओर से उठाई गई चिंताओं पर वित्त मंत्री ने विचार करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद फिलहाल नो यूपीआई डे का आह्वान वापस ले लिया गया है।

