अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम के चयन में 14 खिलाड़ियों ने बहाया पसीना
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम के चयन के लिए प्रक्रिया शुरू की है। कानपुर के कमला क्लब में तीन दिवसीय चयन मैच आयोजित किये जा रहे हैं, जिसमें 90 महिला क्रिकेटर टी-20 प्रारूप में प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। चयनकर्ताओं ने क्षेत्र, बल्लेबाजी और गेंदबाजी में खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा।

कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी। कमला क्लब में तीन दिवसीय चयन मैच खेले जा रहे हैं, जिसमें प्रदेश की 90 महिला क्रिकेटरों को छह टीमों में बांटकर टी-20 प्रारूप में मुकाबले कराए जा रहे हैं। चयन मैचों में कानपुर की 14 खिलाड़ी भी अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं। शनिवार को कमला क्लब में चयन प्रक्रिया के तहत दो टी-20 मुकाबले खेले गए। इनमें कानपुर के अलावा लखनऊ, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी और नोएडा समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों की खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने का प्रयास किया।
पहले दिन के दोनों मुकाबलों में कानपुर की खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। बल्लेबाजों ने दमदार शॉट लगाकर रन बटोरे, जबकि गेंदबाजों ने सटीक लेंथ और अनुशासित गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया। क्षेत्ररक्षण में भी खिलाड़ियों ने फुर्ती दिखाई।यूपीसीए की महिला चयन समिति की प्रियंका शैली, श्वेता सिंह, सीमा सिन्हा, क्षमता श्रीवास्तव और कश्मिरा जैन ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखी। चयनकर्ता मैदान के साथ नेट्स पर भी खिलाड़ियों की तकनीक और प्रदर्शन को परख रहे हैं। तीन दिवसीय चयन मैचों के प्रदर्शन के आधार पर अंडर-23 महिला टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।


