एआई, रोबोटिक्स और शल्य तकनीकों में नई खोज पर होगा मंथन
उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (यूपीएएसआई) का सम्मेलन 26 से 29 नवंबर तक गोरखपुर में होगा। इसमें 1500 सर्जन और चिकित्सा प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन में आधुनिक शल्य चिकित्सा, एआई, और रोबोटिक्स पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को प्रदर्शित करना भी है।

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (यूपीएएसआई) का इस वर्ष का यूपीएसीकॉन सम्मेलन गोरखपुर में आयोजित होने जा रहा है। चार दिवसीय यह राष्ट्रीय स्तर का शल्य चिकित्सा सम्मेलन 26 से 29 नवंबर तक ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स)में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आयोजन समिति के चेयरमैन डॉ. गौरव गुप्ता और सचिव डॉ. शिव शंकर शाही ने दिया। उन्होंने प्रेस क्लब में बताया कि इस सम्मेलन में देश व प्रदेश के करीब 1500 सर्जन, विशेषज्ञ एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन में आधुनिक शल्य चिकित्सा की नई तकनीकों, नवीनतम उपचार पद्धतियों और चिकित्सा क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई), रोबोटिक्स और अन्य उन्नत तकनीकों की भूमिका पर व्यापक चर्चा एवं विचार-विमर्श होगा।
सम्मेलन के पहले दिन 26 नवंबर को विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। गोरखपुर की पहचान टेराकोटा, गीता प्रेस, हस्तशिल्प, ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों सहित अनेक विशिष्ट कलाओं और प्रतिभाओं से है। इस सम्मेलन से स्थानीय प्रतिभाओं को देशभर से आने वाले चिकित्सकों के सामने प्रस्तुत करने का एक उत्कृष्ट अवसर मिलेगा।


