मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को आज लगेगा विशेष कैंप
- सभी बूथों पर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक लगेगा - एसएसआर पर

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए शनिवार को विशेष कैंप लगाया जाएगा। सभी बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ उपस्थित रहेंगे और वह लोगों को फॉर्म-6 वितरित करेंगे। नाम जुड़वाने के लिए लोग फॉर्म भरकर बीएलओ को जमा करेंगे। मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष कैंप
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए इस महीने दो विशेष कैंप लगाए जाएंगे। शनिवार को पहला विशेष कैंप लगेगा और फिर अगले शनिवार यानी 24 अक्तूबर को दूसरा विशेष कैंप लगाया जाएगा। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पहली बार मतदाता बन रहे युवाओं और छूटी हुई महिलाओं का नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मतदाता बनने को फॉर्म-6 भरने के बाद उसके साथ आयु प्रमाण पत्र के रूप में आधार कार्ड व जन्म प्रमाण पत्र, पते के लिए आधार कार्ड, बिजली, गैस व पानी का बिल और रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो जमा करनी होगी।
एसएसआर का कार्यक्रम और अंतिम मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक कर एसएसआर की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी। दो नंवबर तक पोलिंग बूथों का संभाजन व पुर्नव्यवस्थापन की प्रकिया दो नवंबर तक पूरी होगी। फिर 12 नवंबर को सभी जिलों में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। 12 नवंबर से लेकर 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। 28 दिसंबर तक दावे व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। एसएसआर के बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।

