शिक्षकों का वेतन एसबीआई खातों में भेजने की मांग, बीएसए से वार्ता
रामपुर में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिला बीएसए से मुलाकात कर वेतन भारतीय स्टेट बैंक में भेजे जाने की मांग की। अधिकारी ने बताया कि कई शिक्षकों के खाते एसबीआई में हैं, लेकिन केवल 40 प्रतिशत को वेतन की सुविधा मिल रही है। बीएसए ने जल्द ही आवश्यक आदेश जारी करने का आश्वासन दिया।

रामपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिला बीएसए कल्पना देवी से मुलाकात कर शिक्षकों का वेतन भारतीय स्टेट बैंक के खातों में भेजे जाने की मांग की। पदाधिकारियों ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग और एसबीआई के बीच हुए अनुबंध के तहत वेतनभोगी शिक्षकों व कर्मचारियों को विशेष बैंकिंग सुविधाएं मिलनी हैं। इस योजना की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी से की थी। संघ ने बीएसए को अवगत कराया कि जिले में करीब एक हजार शिक्षकों के खाते पहले से एसबीआई में हैं, लेकिन इनमें से केवल 40 प्रतिशत को ही वेतन खाते की सुविधा मिल रही है।
वहीं करीब 3800 शिक्षकों का वेतन अन्य बैंकों में जा रहा है, जिनमें से अधिकांश शिक्षक एसबीआई में वेतन ट्रांसफर कराना चाहते हैं ताकि विशेष सुविधाओं का लाभ मिल सके। बीएसए कल्पना देवी ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) से वार्ता कर जल्द ही आवश्यक आदेश जारी किए जाएंगे। इस मौके पर जिला अध्यक्ष कैलाश बाबू पटेल, जिला मंत्री आनंद प्रकाश गुप्ता, ओम प्रकाश, दिलशाद वारसी और मनोज कुमार सागर सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।


