शैक्षिक वीडियो की मदद से आसानी से समझेंगे गणित-विज्ञान के सूत्र
- कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए बनेंगे शैक्षिक वीडियो लखनऊ,

यूपी में कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थी गणित व विज्ञान के कठिन से कठिन सूत्र शैक्षिक वीडियो की मदद से आसानी से समझ सकेंगे। वीडियो, एनिमेशन व दृश्य सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को कठिन से कठिन पाठ आसानी से समझाया जाएगा।
कार्यशाला का आयोजन
बुधवार को राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान के मीटिंग हॉल में कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों पर शैक्षिक वीडियो निर्माण संबंधी कार्यशाला आयोजित की गई। जिसका उद्देश्य शिक्षकों की विषय विशेषज्ञता को डिजिटल तकनीक से जोड़कर ऐसी गुणवत्तापूर्ण सामग्री तैयार करना है, जिसकी मदद से छात्र आसानी से रोचक ढंग से कठिन से कठिन पाठ पढ़ सकें। शिक्षकों को वीडियो निर्माण की तकनीकी समझ के बारे में जानकारी दी गई।
शैक्षिक वीडियो का निर्माण
एससीईआरटी के प्रवक्ता कमल किशोर ने शैक्षिक वीडियो की रूपरेखा और निर्माण से संबंधित दिशा-निर्देश साझा किए। इसके बाद प्रतिभागियों को विषयवस्तु चयन, प्रस्तुतीकरण तथा वीडियो निर्माण के तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया। कार्यशाला के अंत में एसआईईटी निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र ने प्रतिभागियों के साथ भविष्य की कार्ययोजना साझा की। कार्यशाला में लखनऊ मंडल के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों से 18 प्रवक्ता व सहायक अध्यापकों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला का उद्घाटन राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान के निदेशक डा. मुकेश चंद्र ने किया। इस अवसर पर अपर निदेशक, व्यावसायिक शिक्षा सुरेंद्र तिवारी तथा राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी अजीत कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


