दोहरीकरण के बाद दिल्ली-शामली-सहारनपुर रूट पर बढ़ेंगी ट्रेनें- डीआरएम

हिन्दुस्तान, शामली
Follow us on Google News
share

उत्तर रेलवे दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने शामली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर कहा कि दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलखंड का दोहरीकरण होगा। इससे ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने स्टेशन की सुविधा और साफ-सफाई पर नाराजगी व्यक्त की और बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए।

दोहरीकरण के बाद दिल्ली-शामली-सहारनपुर रूट पर बढ़ेंगी ट्रेनें- डीआरएम

उत्तर रेलवे दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने शामली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए कहा कि दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलखंड के दोहरीकरण के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन के दोहरीकरण के लिए नई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। शुक्रवार को डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी विशेष निरीक्षण ट्रेन से शामली रेलवे स्टेशन पहुंचे और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्थापित नई लिफ्ट का निरीक्षण किया। लिफ्ट को चालू कराने में करीब 15 मिनट की देरी होने और उसकी साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इसके अलावा आरपीएफ थाने के सामने रखे गए कंक्रीट ब्लॉकों को हटाने के निर्देश भी दिए, ताकि यात्रियों और कर्मचारियों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो। उन्होंने आरपीएफ थाना, यातायात कार्यालय, स्टेशन अधीक्षक कक्ष तथा शौचालयों का भी निरीक्षण किया। बाद में पत्रकारों से बातचीत में डीआरएम ने बताया कि लोनी-टपरी रेलखंड के दोहरीकरण के लिए लगभग छह वर्ष पहले तैयार की गई डीपीआर अब लागत बढ़ने के कारण व्यवहारिक नहीं रह गई है। इसलिए इस परियोजना के लिए नए सिरे से डीपीआर तैयार की जा रही है। डीपीआर स्वीकृत होने के बाद टेंडर सहित अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि दोहरीकरण पूरा होने के बाद दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेल मार्ग पर ट्रेनों की संख्या और परिचालन सुविधाओं में वृद्धि की जाएगी। मेरठ-पानीपत नई रेलवे लाइन परियोजना के संबंध में पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में रेलवे नेटवर्क के विस्तार की योजना पर कार्य चल रहा है। इसके तहत दिल्ली के चारों ओर रिंग रेलवे लाइन विकसित करने की योजना है, हालांकि इस परियोजना को पूरा होने में अभी समय लगेगा। उन्होंने बताया कि शामली रेलवे स्टेशन एनएसजी-5 श्रेणी का स्टेशन है। आय सीमित होने के बावजूद अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यहां यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्टेशन का लोकार्पण शीघ्र ही किया जाएगा, जिसके बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।