खेल----यूपी प्रो हैंडबाल लीग में पहली बार उतरेगी लखनऊ टीम
यूपी प्रो हैंडबॉल लीग (यूपीपीएचएल) के दूसरे संस्करण में पहली बार लखनऊ और कन्नौज की टीमें शामिल होंगी। लीग का आयोजन जनवरी 2027 में लखनऊ में होगा। विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार राशि दी जाएगी। खिलाड़ियों का पंजीकरण 15 अगस्त से शुरू होगा और नीलामी दिसंबर 2026 में होगी।

लीग के दूसरे संस्करण में होंगी आठ टीमें, लखनऊ और कन्नौज की टीमें बढ़ी जनवरी में होंगे मुकाबले, लीग का लोगो का आज किया गया अनावरण
लखनऊ, संवाददाता। यूपी प्रो हैंडबॉल लीग (यूपीपीएचएल) के दूसरे संस्करण में पहली बार लखनऊ टीम भी जीत के लिए जोरआजमाइश करती नजर आयेगी। छह की जगह इस बार लीग में आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। लखनऊ के साथ कन्नौज की टीम भी पहली बार इन मुकाबलों में हिस्सा लेगी। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित होने वाली इस लीग का दूसरा सीजन जनवरी 2027 में लखनऊ में आयोजित किया जायेगा। विजेता टीम को 2.50 लाख रुपए व उपविजेता टीम को 1.50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा आइकॉनिक ओलंपिक गेम्स अकादमी की ओर से विजेता और उपजेता टीमों को 50-50 हजार रूपए का पुरस्कार प्रदान करेगा।
लीग का लोगो अनावरण
शनिवार को शहर के एक निजी होटल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय (कार्यकारी निदेशक-हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया, सीईओ- यूपी प्रो हैंडबॉल लीग) ने लीग के लोगो का अनावरण किया। उन्होंने इस अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों के उत्कृष्ट दस अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
नई टीमें और खिलाड़ियों की जानकारी
लीग के संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय (कार्यकारी महासचिव- उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन) ने बताया कि पहले संस्करण की विजेता मथुरा ब्रज स्टार, उपविजेता गोरखपुर राउडीज के साथ ही काशी किंग्स, नोएडा थंडर्स, गाजियाबाद पैंथर्स और बर्बरीक वारियर्स के अलावा इस बार दो नई टीमें भी लीग का हिस्सा होंगी। इसमें लखनऊ व कन्नौज की भी टीमें होगी। प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे, जिनमें नौ खिलाड़ी यूपी के होंगे जबकि नौ खिलाड़ी अन्य राज्यों एवं विभागों से होंगे।
खिलाड़ियों का पंजीकरण और नीलामी
सह संस्थापक मोम्मद तौहीद ने बताया कि लीग के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण अगले माह 15 अगस्त से शुरू होगा। इसके बाद सितंबर और अक्तूबर में गोरखपुर, अयोध्या और लखनऊ में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों की नीलामी दिसंबर 2026 में वाराणसी में होगी। प्रत्येक टीम को खिलाड़ियों की नीलामी के लिए पांच लाख रुपये का पर्स मिलेगा और कुल ऑक्शन पर्स 40 लाख रुपये का होगा। लीग में राउंड रॉबिन आधार पर मुकाबले खेले जाएंगे। शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ में प्रवेश करेंगी। इस अवसर पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, लीग के सचिव यशवीर सिंह और उपाध्यक्ष चयंक प्रधान व प्रखर शुक्ला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
सम्मानित खिलाड़ी
इन खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
अनुज लैंगर (जम्मू), मोहित (दिल्ली), •नवीन बिद्दू (हरियाणा), रोहिताश (राजस्थान), शिवा (बिहार), ताविया भावेश (गुजरात), ऋषिकेश (महाराष्ट्र), अंकित चौधरी (उत्तर प्रदेश), •अमित घंघास (भारतीय रेलवे), •रविंद्र सिंह (भारतीय रेलवे)।


