यूपी प्रो हैंडबॉल लीग-2 का बजा बिगुल,जनवरी में होगा रोमांच
यूपी प्रो हैंडबॉल लीग (यूपीपीएचएल) का दूसरा संस्करण जनवरी 2027 में लखनऊ में खेला जाएगा। इस बार आठ टीमें भाग लेंगी, जिसमें लखनऊ की टीम पहली बार शामिल है। विजेता को 2.50 लाख रुपए और उपविजेता को 1.50 लाख रुपए का पुरस्कार मिलेगा। खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया पारदर्शी होगी।
संजीव पाण्डेय, संवाददाता, लखनऊ । यूपी प्रो हैंडबॉल लीग (यूपीपीएचएल) अब अपने दूसरे संस्करण के लिए तैयार है। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित होने वाली इस लीग का दूसरा सीजन जनवरी 2027 में लखनऊ में खेला जाएगा। इस बार लीग में छह के स्थान पर आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें पहली बार लखनऊ की टीम भी शामिल होगी। इस बार विजेता टीम को 2.50 लाख रुपए व उपविजेता टीम को 1.50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस संबंध में शुक्रवार को आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय (कार्यकारी निदेशक, हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया, सीईओ यूपी प्रो हैंडबॉल लीग) ने लीग के लोगो का अनावरण किया। उन्होंने इस अवसर पर भारत के विभिन्न राज्यों के उत्कृष्ट 10 अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया。
दूसरे संस्करण का उद्देश्य
मुख्य अतिथि डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि पहले सीजन की सफलता ने दूसरे संस्करण को और अधिक भव्य एवं प्रतिस्पर्धी स्वरूप में आयोजित करने का विश्वास दिया है। उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि दूसरा सीजन प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर अवसर देगा।" उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी और प्रदेश के साथ देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी समान अवसर मिलेगा।
टीमों की संख्या और संरचना
दूसरे सीजन को और अधिक प्रतिस्पर्धी एवं पेशेवर बनाने के उद्देश्य से इस बार टीमों की संख्या बढ़ाकर आठ की गई है। प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे, जिनमें 9 खिलाड़ी यूपी के होंगे जबकि 9 खिलाड़ी अन्य राज्यों एवं विभागों से होंगे।
लीग का नया लोगो
लीग के संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय (कार्यकारी महासचिव, उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन) ने दूसरे सीजन की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि पहले संस्करण की विजेता मथुरा ब्रज स्टार, उपविजेता गोरखपुर राउडीज, काशी, नोएडा बंडर्स, गाजियाबाद पैंथर्स और बर्बरीक वारियर्स के अलावा इस बार दो नई टीमें भी लीग का हिस्सा होंगी, जिनमें एक टीम लखनऊ की और दूसरी कन्नौज की होगी। अमित पाण्डेय ने लीग के नए लोगो की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि लोगो के मध्य में ढाल का आकार सुरक्षा, शक्ति और प्रतिस्पर्धा की भावना का प्रतीक है। इसके भीतर हैंडबॉल खिलाड़ी की गतिशील आकृति खेल के जोश, ऊर्जा और कौशल को दर्शाती है। ढाल में केसरिया, सफेद और हरे रंग का संयोजन भारतीय तिरंगे से प्रेरित है, जो राष्ट्रीय गौरव और उत्तर प्रदेश की खेल संस्कृति को प्रतिबिंबित करता है।
खिलाड़ियों का पंजीकरण और चयन ट्रायल
सह-संस्थापक मोहम्मद तौहीद ने बताया कि लीग के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण 15 अगस्त 2026 से शुरू होगा। इसके बाद सितंबर और अक्टूबर में गोरखपुर, अयोध्या और लखनऊ में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों की नीलामी दिसंबर 2026 में वाराणसी में होगी। प्रत्येक टीम को खिलाड़ियों की नीलामी के लिए 5 लाख रुपये का पर्स मिलेगा और कुल ऑक्शन पर्स 40 लाख रुपये का होगा।
खेल प्रारूप
लीग में आठों टीमों के बीच राउंड रॉबिन आधार पर मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ में प्रवेश करेंगी और प्लेऑफ मुकाबलों के बाद फाइनल खेलने वाली टीमों का फैसला होगा। आइकॉनिक स्पोर्ट्स की ओर से विजेता टीम को 50 हजार और उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये की अतिरिक्त धनराशि प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी, सचिव यशवीर सिंह और उपाध्यक्ष चयंक प्रधान व प्रखर शुक्ला सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों के नाम
अनुज लैंगर (जम्मू), मोहित (दिल्ली), नवीन बिहू (हरियाणा), रोहिताश (राजस्थान), शिवा (बिहार), ताविया भावेश (गुजरात), ऋषिकेश (महाराष्ट्र), अंकित चौधरी (उत्तर प्रदेश), अमित घंघास (भारतीय रेलवे), रविंद्र सिंह (भारतीय रेलवे)।


