बिल्डर के घर डेढ़ करोड़ की चोरी में दंपति गिरफ्तार
- आरोपी एक साल से रुन्नीसैदपुर में किराए पर रहकर मोमोज की दुकान चला रहा

गोमतीनगर में बिल्डर के घर से डेढ़ करोड़ की संपत्ति चोरी के मामले में फरार चल रहे नौकर दंपति को यूपी पुलिस ने बिहार के सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले एक साल से रुन्नीसैदपुर में किराए पर रहकर मोमोज की दुकान चला रहा था। पुलिस ने टावर लोकेशन के आधार पर सिनेमा हॉल चौक के पास से उसे पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, मधुबनी जिले के सोगरा निवासी जितेंद्र पंडित पत्नी विभा देवी के साथ रुन्नीसैदपुर में रह रहा था। गोमतीनगर पुलिस ने रुन्नीसैदपुर थाने के सहयोग से कार्रवाई कर दंपति को धर दबोचा। पत्नी विभा को पूछताछ के लिए लखनऊ लाया गया है। पुलिस ने बताया कि जितेंद्र करीब 13 वर्षों से गोमतीनगर निवासी बिल्डर प्रवीण मिश्रा के घर खाना बनाने का काम करता था। आरोप है कि वह मौका पाकर घर से नकदी और जेवर चोरी करता रहा। एक दिन घर से चार-पांच लाख रुपये गायब होने पर शक के आधार पर उसके कमरे की तलाशी ली गई। तलाशी में रकम बरामद हुई तो पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार की और शेष रकम लौटाने की बात कही। अगले दिन सुबह वह पत्नी के साथ फरार हो गया। इसके बाद बिल्डर ने गोमतीनगर थाने में जितेंद्र और उसकी पत्नी के खिलाफ करीब डेढ़ करोड़ की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पैतृक गांव में कई बार छापेमारी हुई, लेकिन दोनों नहीं मिले。
खाते में मिले 60 लाख, किया फ्रीज
पुलिस के मुताबिक चोरी की रकम से जुड़े एक बैंक खाते में करीब 60 लाख रुपये जमा होने की जानकारी मिली है। गृहस्वामी की सूचना पर खाते को फ्रीज करा दिया गया है। पुलिस रकम के लेन-देन की जांच कर रही है।
13 साल की नौकरी में जताया था भरोसा
पुलिस ने बताया कि आरोपी 13 साल से बिल्डर के घर काम कर रहा था। भरोसे के कारण घर की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह धीरे-धीरे संपति चोरी करता रहा।

