पीएम श्री स्कूलों के छात्रों को मिलेगी लर्निंग किट व डायरी
- 11.37 करोड़ रुपये का बजट किया जारी लखनऊ, प्रमुख संवाददाता यूपी में

यूपी में पीएमश्री योजना के प्राथमिक व कम्पोजिट स्कूलों में कक्षा एक से पांच तक के छात्रों को प्रभावी ढंग से पढ़ाई कराने व सिखाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत छात्रों को लर्निंग किट व डायरी भी दी जाएगी। जिससे वह बेहतर एंग से पढ़ाई कर सकें। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए 11.37 करोड़ रुपये का बजट भी जारी किया है।
मुख्य सामग्री
कक्षा एक से कक्षा पांच तक के लिए निपुण लक्ष्य पोस्टर, तालिका पोस्टर, शिक्षण-अधिगम से संबंधित आईईसी सामग्री और साप्ताहिक आकलन ट्रैकर की व्यवस्था की जाएगी। शिक्षकों को विषय और पाठ्य बिंदुओं के अनुरूप टीएलएम बनाने व प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया है। सामग्री ऐसी तैयार की जाएगी, जिससे समझने, अभ्यास करने और सीखने के विविध अवसर उपलब्ध कराने में सहायक बन सके।
टीएलएम सामग्री
टीएलएम के लिए कार्ड बोर्ड, चार्ट पेपर, स्केच पेन, पेपर एडहेसिव, अबेकस, ग्लोब, भारत व विश्व के मानचित्र, कठपुतलियां, परिवहन तथा पशु-पक्षियों के चार्ट सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री ली जाएगी। स्टूडेंट लर्निंग किट की व्यवस्था की जाएगी। इसमें वर्कशीट, अभ्यास एवं गतिविधि आधारित सामग्री, रंगीन वर्कबुक, ड्राइंग शीट, ओरिगेमी पेपर, ऊन, रिबन, लर्निंग डाइस आदि सामग्री शामिल होगी। स्टूडेंट डायरी भी उपलब्ध कराई जाएगी। लर्निंग किट के वितरण के लिए विशेष पंजिका तैयार की जाएगी और वितरण के बाद विद्यार्थी अथवा अभिभावक के हस्ताक्षर भी कराए जाएंगे। अभिभावकों की उपस्थिति में पीटीएम के दौरान किट वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।


