मानक के अनुरूप बच्चों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाए: राज्य मंत्री
उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने मां शीतला अतिथि गृह सयारा में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ट्रांसफॉर्मर बदलने और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पीएम किसान सम्मान निधि योजना और शौचालय संबंधी लाभ तथा शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान देने की बात कही।
राज्यमंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास उत्तर प्रदेश कृष्णा पासवान ने बुधवार देर शाम मां शीतला अतिथि गृह सयारा में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि निर्धारित समयावधि में ट्रांसफॉर्मर बदल दिया जाए एवं निर्धारित समयावधि तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किया जाए। ग्राम पंचायतवार आवश्यकता के अनुरूप ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए। उप कृषि निदेशक से कहा कि सभी पात्र किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया जाए। उप कृषि निदेशक एवं एआर-कोऑपरेटिव को जनपद के सभी साधन सहकारी समितियों में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़ने के साथ कहा कि छूटे हुए पात्रों को शौचालय से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए एवं मानक के अनुरूप बच्चों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराई जाए। लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के कार्य में प्रगति लाने का निर्देश देते हुए कहा कि निराश्रित महिला पेंशन योजना एवं दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत छूटे हुए पात्रों को लाभान्वित किया जाए। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मझनपुर वीरेंद्र फौजी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा डीएम डॉ. अमित पाल एवं एसपी सत्यनारायण सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।


