बागपत : मांगों को लेकर लेखपालों ने तहसील में दिया धरना
बागपत में लेखपाल संघ ने अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। उन्होंने हालत में सुधार, ग्रेड पे 2800, पदोन्नति में बदलाव और भत्तों में बढ़ोतरी की मांग की। लेखपालों का कहना है कि 16 वर्षों से भत्तों में कोई बढ़ौतरी नहीं हुई है। इसके साथ ही उन्होंने अच्छी तकनीकी सुविधाएं भी मांगी।
बागपत। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तत्वाधान में शनिवार को लेखपालों ने तहसील परिसर में धरना देकर अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। लेखपालों ने शासन स्तर पर लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान नहीं होने पर नाराजगी जताई। धरने के दौरान लेखपालों ने ग्रेड पे 2800 किए जाने, पदोन्नति की व्यवस्था में सुधार, विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी और मंडलीय स्थानांतरण की मांग प्रमुखता से उठाई। लेखपालों का कहना है कि करीब 16 वर्ष से भत्तों में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि काम का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। लेखपालों ने ग्राम सचिवालयों में कंप्यूटर, इंटरनेट समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।
उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों को पूरा करने में तकनीकी सुविधाओं की कमी के कारण परेशानी होती है। धरने के बाद लेखपालों ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम दिग्विजय सिंह को सौंपा। इस मौके पर वीरेंद्र बैंसला, कपिल कुमार, विनोद शर्मा, विवेक सिंह, अंकित कुमार, विजय शर्मा आदि मौजूद रहे।

