रसोइया बहनों को सरकार का उपहार, बढ़ा मानदेय और मिला कैशलेस उपचार
छिबरामऊ में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम पोषण योजना के अंतर्गत मिड-डे मील रसोइयों के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की। इनमें कैशलेस चिकित्सा कार्ड, मानदेय में वृद्धि और दुर्घटना सहायता शामिल है। कार्यक्रम में रसोइयों की भूमिका की सराहना की गई और उनके कल्याण के लिए सरकार के प्रयासों की महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

छिबरामऊ, संवाददाता। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण, मानदेय में वृद्धि तथा दुर्घटना की स्थिति में परिवार को दो लाख रुपये की सहायता देने की शुरुआत की। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र छिबरामऊ के तहसील सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता कर रसोइया बहनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। भाजपा विधायक व पूर्व राज्य मंत्री अर्चना पांडेय ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उनका समर्पण और सेवा भाव नौनिहालों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। कार्यक्रम में रसोइयों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। इस दौरान उपजिलाधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में रसोइया बहनें मौजूद रहीं। सरकार की घोषणाओं से रसोइयों में खुशी का माहौल रहा और उन्होंने इसे अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

