आउटसोर्स कर्मियों का नियोक्ता नहीं कर पाएंगे शोषण और अन्याय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने गोरखपुर समेत प्रदेश के लगभग पांच लाख आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ा तोहफा दिया है। यूपी कॉस पोर्टल और वेबसाइट के शुभारंभ के साथ, आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय और सामाजिक सुरक्षा के लिए नई व्यवस्था लागू होने का रास्ता साफ हुआ है।
गोरखपुर। राजीव दत्त पाण्डेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने गोरखपुर समेत प्रदेश के करीब पांच लाख आउटसोर्स कर्मियों को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से पहले बड़ा तोहफा दिया है। बुधवार को मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के यूपी कॉस पोर्टल और वेबसाइट का शुभारंभ किया। इसके बाद आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय, सामाजिक सुरक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर नई व्यवस्था लागू होने का रास्ता साफ हो गया।
कार्यक्रम का प्रसारण
योगीराज गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं संस्कृति केंद्र में लखनऊ स्थित लोकभवन से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया। खचाखच भरे सभागार में बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मियों ने कार्यक्रम देखा। कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के गठन के बाद आउटसोर्स कर्मियों का नियोक्ताओं द्वारा शोषण और अन्याय नहीं हो सकेगा। पहली बार उनके लिए सम्मानजनक मानदेय सुनिश्चित किया गया है। उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ भी मिलेगा। हर पांच साल में मानदेय का पुनरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में भी नियोक्ता की मनमानी पर अंकुश लगेगा।
उपस्थित अधिकारीगण
कार्यक्रम में विधायक विपिन सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव, उपसभापति पूनम सिंह, महेंद्र पाल सिंह, श्रीराम चौहान, जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, संयुक्त मजिस्ट्रेट, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, अतुल कुमार और प्रमोद कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आउटसोर्स निगमकर्मियों को मिली बड़ी सुविधाएं: अजय जैन
नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि यूपी कॉस पोर्टल से आउटसोर्स निगमकर्मियों को बड़ी सुविधाएं भी मिलेंगी। इसके जरिए ऑनलाइन माध्यम से भर्ती व जॉइनिंग प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी। समय पर मानदेय व सरकारी लाभ के साथ ही आउटसोर्स कर्मियों की पूरी जानकारी एक जगह मिलेगी। इससे उपस्थिति की सटीक जानकारी व छुट्टी का प्रबंधन भी सुनिश्चित होगा। यहां शिकायत और समाधान की भी सुविधा होगी। समय पर ईपीएफ अंशदान व ईएसआईसी का लाभ सुनिश्चित होगा। पोर्टल पर विभाग, एजेंसी और आउटसोर्सकर्मियों के लिए एक ही मंच होगा। नगर आयुक्त ने बताया कि इस योजना से नगर निगम के तकरीबन 3900 आउटसोर्स लाभार्थियों को फायदा होगा।
सम्मानित हुए आउटसोर्स कर्मी
कार्यक्रम में अतिथियों ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का स्वच्छता किट वितरित किया। इनमें सरवन, अखिलेश, राममूर्ति, सिंकू, हजीबुल्लाह, संतोष सिंह, रईश, ईश्वर, पन्ना लाल, धीरज कुमार, रियाज अहमद, तारकेश्वर, श्रीकांत, राधेश्याम, विक्की को स्वच्छता किट मिले। इसके अलावा आउटसोर्स कर्मियों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के चेक वितरित किए गए। मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत पदमभूषण को 26 हजार, मिथलेश गौड़ को 31 हजार, अंगद को 31 हजार रुपये के डेमो चेक मिले। इसी तरह संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना में नरेंद्र कुमार, शमशाद, उदयनाथ मौर्य को 2000-2000 रुपये, कबिता, गोविंद को 3000-300 रुपये और सत्यानंद गुप्ता को 7 हजार रुपये के के डेमोचेक मिले। कन्या विवाह सहायता योजना की लाभार्थी मुराली, परमहंश, दिनेश कुमार, केदार और श्रीमती देवी को 65-65 हजार रुपये के डमोचेक अतिथियों ने दिए। निर्माण कामगार मृत्यु- दिव्यंगता सहायता योजना के तहत आशा देवी पत्नी स्वर्गीय गुलाब और रामजतन पुत्र स्वर्गीय सीताराम 2.25-2.25 लाख रुपये के डेमोचेक प्रदान किए गए।


