कैडेट्स को अनुशासन, टीम भावना एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का बताया महत्व
बिजनौर में 9 से 16 अक्टूबर तक आयोजित यूपी गंगा ट्रेक कैंप में उत्तर प्रदेश के 11 एनसीसी ग्रुपों के 510 कैडेट और 15 एएनओ भाग ले रहे हैं। अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम ने कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नाव से हैदरपुर वेटलैंड का भ्रमण कर इसकी जैव विविधता और पर्यावरणीय महत्व का अवलोकन किया।

30 यूपी बटालियन एनसीसी, बिजनौर द्वारा आयोजित यूपी गंगा ट्रेक कैंप का आयोजन 9 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस शिविर में उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के 11 ग्रुपों के 510 एनसीसी कैडेट्स और 15 एएनओ प्रतिभाग कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम ने शिविर का दौरा किया तथा विभिन्न ग्रुपों से आए एनसीसी कैडेट्स को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस, टीम भावना एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का महत्व बताया। उन्होंने कैडेट्स को एनसीसी के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने तथा सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में उन्होंने नाव द्वारा हैदरपुर वेटलैंड का भ्रमण किया तथा क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता एवं पर्यावरणीय महत्व का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि गंगा ट्रेक कैंप का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स में साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करना, नेतृत्व क्षमता एवं सामूहिक कार्यकुशलता को बढ़ावा देना तथा प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।

