मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है कांग्रेस : केशव मौर्य
वाराणसी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और सपा पर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस की मुस्लिम तुष्टीकरण नीति की आलोचना की और कहा कि वंदेमातरम भारत की आत्मा है। उन्होंने अखिलेश यादव को 2027 में सत्ता में लौटने के सपने देखने वाला बताया और आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।

वाराणसी, विशेष संवाददाता। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वंदेमातरम भारत की आत्मा और आजादी का महामंत्र है। कांग्रेस मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। कांग्रेस को उसकी घटिया हरकतों की कीमत चुकानी पड़ेगी। डिप्टी सीएम एक दिनी दौरे पर बनारस पहुंचे थे। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के भाजपा पर दिए बयान के संबंध में कहा कि अखिलेश बौखलाहट में हैं, वह 2027 में सत्ता वापसी का मुंगेरीलाल का सपना देख रहे हैं। केशव ने दावा किया कि 2027 तो छोड़िए, 2047 तक भी अखिलेश यूपी के मुख्यमंत्री और राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।
उन्होंने पीडीए को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताते हुए अखिलेश पर पिछड़ों का विरोधी होने का आरोप लगाया। चीनी-प्याज की बढ़ती कीमतों के सवाल के जवाब में कहा कि सरकार उन्हें नियंत्रित करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव के बाबत बोले, उनकी प्राथमिकता सभी 403 सीटें हैं।


