पंचायत चुनाव टालकर लोकतंत्र और ओबीसी आरक्षण पर आघात कर रही सरकार : आराधना मिश्रा
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने किया हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने पंचायत चुनाव को लेकर हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव टालकर सरकार लोकतंत्र और ओबीसी आरक्षण पर आघात कर रही थी। हाई कोर्ट ने तीन महीने में पंचायत चुनाव करवाने का आदेश दिया है।
चुनाव टालने पर सरकार की आलोचना
आराधना मिश्रा ने कहा कि हाई कोर्ट का यह फैसला लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। पंचायतों का पांच वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बावजूद चुनाव न कराना और निवर्तमान प्रधानों को प्रशासक बनाकर रखना भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सरकार पंचायत चुनाव टालकर जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित कर रही थी। उसे आशंका थी कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनता का असंतोष चुनाव में उसके खिलाफ सामने आ सकता है और इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव पर भी पड़ सकता है।
ओबीसी आरक्षण के आंकड़ों पर सवाल
आराधना ने कहा कि ओबीसी आरक्षण का मुद्दा भी बेहद गंभीर है। हाई कोर्ट ने आरक्षण के लिए आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। आगरा में तीन लाख से अधिक ओबीसी आबादी के मुकाबले आयोग के सामने केवल 179 लोगों के पहुंचने और महज 29 के बयान दर्ज होने की जानकारी पर अदालत ने चिंता जताई। यह स्थिति आरक्षण निर्धारित करने की प्रक्रिया की गंभीरता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार ने ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए जरूरी प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं की और चुनाव टाले गए। सवाल यह है कि क्या जानबूझकर आंकड़े जुटाने में देरी की गई और पंचायत चुनाव टालने का आधार तैयार किया गया?
तीन महीने में चुनाव कराने की मांग
आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस मांग करती है कि हाई कोर्ट के निर्देश के मुताबिक सरकार तीन महीने के भीतर चुनाव करवाए और ओबीसी आरक्षण के लिए पर्याप्त और विश्वसनीय आंकड़े जुटाए।


