सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की सीएम ने की समीक्षा, दिए निर्देश
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनप्रतिनिधियों

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनप्रतिनिधियों के साथ सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने के कड़े निर्देश दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया व अन्य जनप्रतिनिधियों ने वीसी में भाग लिया।
अभियान का उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने सेवा, सुशासन व विकास की उपलब्धियों को वास्तविक लाभार्थियों की कहानियों के जरिए जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। अभियान के तहत प्रदेश के करीब 4.19 करोड़ परिवारों व 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रतियोगिताएँ और गतिविधियाँ
अभियान के दौरान मेरे सपनों का भारत चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता, नमो सेवा नुक्कड़ नाटक, आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा, डिजिटल रील अभियान सेवा की कहानी व इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट सहित विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा तथा वाराणसी से वडनगर तक जल, जन व सेवा संकल्प यात्रा प्रस्तावित है। नागरिकों को रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच व स्वच्छता सहित 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ने के लिए सेवा मेरा योगदान तथा प्रत्येक विकासखंड में सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे।
अभियान की समयसीमा
17 सितंबर को सेवा दिवस से शुरुआत, 17 अक्टूबर को समापन
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस से होगी। इस अवसर पर विश्वकर्मा जयंती पर शिल्पकारों को टूलकिट वितरित किए जाएंगे तथा प्रमुख विकास परियोजनाओं व लाभार्थियों के घरों पर दीप जलाए जाएंगे। आयोजन के दौरान चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, आंगन मिलन, डिजिटल रील अभियान व बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को सुशासन सेवा संवाद के साथ होगा।
अधिकारियों की बैठक
डीएम ने अधिकारियों को दिए समन्वय के निर्देश
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने जनपद के विभागीय अधिकारियों को आपस में समन्वय बनाकर अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह,डीडीओ बीएन कन्नौजिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


