लखनऊ से डेढ़ करोड़ की चोरी में रुन्नीसैदपुर से युवक धराया
रुन्नीसैदपुर पुलिस ने यूपी के लखनऊ में बिल्डर के घर से 1.5 करोड़ रुपये की संपत्ति चोरी के आरोप में मधुबनी के युवक जीतेन्द्र पंडित और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया। जीतेन्द्र पिछले 13 सालों से बिल्डर के यहां खाना बना रहा था, लेकिन बाद में चोरी के मामले में फरार हो गया था।

रुन्नीसैदपुर। यूपी के लखनऊ में बिल्डर के घर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति चोरी के मामले में फरार चल रहे मधुबनी जिले के युवक व उसकी पत्नी को रुन्नीसैदपुर पुलिस के सहयोग से यूपी पुलिस ने धर दबोचा। आरोपित युवक पत्नी के साथ रुन्नीसैदपुर में करीब एक वर्ष से किराये के मकान में रह रहा था। दंपती मोमोज की दुकान चला रहे थे। पुलिस ने टावर लोकेशन के आधार पर सिनेमा हॉल चौक के समीप से आरोपी को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र के सोगरा निवासी रामविलास पंडित का पुत्र जीतेन्द्र पंडित पत्नी विभा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ यहां रह रहा था।
वह मोमोज की दुकान चला रहा था। यूपी पुलिस ने रुन्नीसैदपुर थाने के सहयोग से सअनि पंचमणि कुमार और सशस्त्र बलों के साथ कार्रवाई की।13 वर्षों से लखनऊ में करता था खाना बनाने का काम: जीतेन्द्र करीब 13 वर्षों से लखनऊ के गोमतीनगर निवासी बिल्डर प्रवीण मिश्रा के यहां खाना बनाने का काम करता था। बिल्डर उसे प्रतिमाह करीब 25 से 30 हजार रुपये वेतन देते थे। उसके बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठाते थे। आरोप है कि इसी दौरान वह मौका पाकर उनके घर से सामान और रुपये चोरी करता रहा। एक दिन घर से करीब चार-पांच लाख रुपये चोरी होने पर शक के आधार पर उसके कमरे की तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, तलाशी में रुपये बरामद होने पर पूछताछ की गई तो उसने चोरी की बात स्वीकार की और शेष रकम लौटाने की बात कहीं। हालांकि, अगले दिन सुबह वह घर से फरार हो गया। इसके बाद गृहस्वामी ने स्थानीय थाने में जीतेन्द्र पंडित और उसकी पत्नी विभा देवी के खिलाफ करीब डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति चोरी करने की प्राथमिकी दर्ज कराई। उनके पैतृक गांव में भी कई बार छापेमारी की गई, लेकिन दोनों नहीं मिले।


