यूपी बोर्ड: अब हाईस्कूल में होगी विज्ञान और गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल स्तर पर विभिन्न विषयों की प्रायोगिक परीक्षा के नियमों में बदलाव किया है। विज्ञान और गृह विज्ञान में प्रायोगिक परीक्षा 30 अंकों की होगी, जबकि अन्य विषयों में पांच अंकों का आंतरिक मूल्यांकन किया जाएगा। इस बदलाव से छात्रों को परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

बागपत। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने हाईस्कूल स्तर पर अब विभिन्न विषयों की प्रायोगिक परीक्षा के नियमों में बदलाव किया है। इसके तहत इस बार विज्ञान और गृह विज्ञान को छोड़कर अन्य विषयों में प्रायोगिक कार्य का पांच अंकों का आंतरिक मूल्यांकन प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर किया जाएगा। इसके अलावा विज्ञान एवं गृह विज्ञान विषय में 30-30 अंकों की प्रायोगिक परीक्षा भी होगी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा किए गए बदलाव में हाईस्कूल के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और गृह विज्ञान विषय में मूल्यांकन प्रयोगात्मक परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। दोनों विषयों में अब तक विद्यालय स्तर पर ही आंतरिक मूल्यांकन होता था।
अब इस नियम को बदलकर इसके स्थान पर परिषद की ओर से विज्ञान व गृह विज्ञान की 30-30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। बोर्ड के इस बदलाव से छात्रों को परीक्षा में अच्छे अंकों से पास करने का अवसर प्राप्त होगा, क्योंकि प्राप्तांकों में प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक जुड़ने से उनका परीक्षा फल अच्छा बनेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार यादव ने बताया कि वर्ष 2027 में होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की विज्ञान और गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा इंटरमीडिएट की तर्ज पर कराई जाएगी। इन दोनों विषयों के अलावा अन्य विषयों में प्रयोगात्मक कार्यों का आंतरिक मूल्यांकन हालांकि पूर्व की भांति पांच प्वाइंट स्केल ग्रेडिंग के आधार पर किया जाएगा। इसका आदेश बोर्ड से उनको प्राप्त हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा में प्राप्त अंक और अन्य विषयों में दिए गए ग्रेड को प्रमाण-पत्र सह अंकपत्र में प्रदर्शित किए जाएंगे।


