जियो-टैगिंग से तलाशना आसान होगा परीक्षा केंद्र, तैयारियां शुरू
जियो-टैगिंग से तलाशना आसान होगा परीक्षा केंद्र, तैयारियां शुरू

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद वर्ष 2027 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को संपन्न कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाने की प्राथमिक प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी गई है। इस बार बोर्ड परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए एक नई पहल हो रही है। जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों की जियो-टैगिंग कराई जा रही है। जियो-टैगिंग का कार्य पूर्ण होने के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा विशेष रूप से तैयार किए जा पंजीकृत परीक्षा केंद्रों की लोकेशन और सटीक रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले परीक्षार्थियों व अभिभावकों और सचल दस्तों को परीक्षा केंद्र की भौगोलिक स्थिति तलाशने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। नई व्यवस्था में एप में केंद्र का पूरा गूगल मैप रूट दिखेगा जिससे परीक्षार्थी समय रहते बिना भटके अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकेंगे। डीआईओएस विनय कुमार ने बताया जिले में केंद्र निर्धारण की तैयारी चल रही है जियो टैगिंग सहित अन्य कार्य चल रहे हैं। बोर्ड की गाइड लाइन के अनुसार जिले में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
एडेड व राजकीय स्कूलों को प्राथमिकता
जिला स्तर पर परीक्षा केंद्र निर्धारण में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिले में कुल 402 माध्यमिक कॉलेज संचालित हैं, जिनमें राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। इन सभी 402 कॉलेजों की पूरी जानकारी, कमरों की संख्या, छात्र क्षमता और उनकी सटीक लोकेशन को बोर्ड के पोर्टल फीड किया जा रहा है। इस वर्ष जिले भर में परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर लगभग 100 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जा सकता है। चयन की प्रक्रिया में इस बार आवागमन की सुगमता को मुख्य आधार बनाया जा रहा है। उन स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाने में प्राथमिकता दी जाएगी जो मुख्य मार्गों, चौड़ी सड़कों या सुगम संपर्क मार्गों के आसपास स्थित हैं। प्रश्न पत्रों व उत्तर पुस्तिकाओं के परिवहन सहित सुरक्षा व्यवस्था में लगी गाड़ियों का आवागमन भी आसान रहेगा।
कोट---
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए केंद्रों का निर्धारण चल रहा है। जियो टैगिंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का सत्यापन चल रहा है। बोर्ड से निर्देश प्राप्त हुए हैं उसी के आधार पर जिले में केंद्र बनेंगे। जल्द ही बोर्ड का प्रस्तावित केद्रों सूची भेज दी जाएगी।
-विनय कुमार, डीआईओएस


