यूपी बोर्ड परीक्षा 2027: केंद्र निर्धारण के लिए ऑनलाइन सूचनाएं अपलोड करने की प्रक्रिया 20 जुलाई से
बरेली में, यूपी बोर्ड 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण शुरू किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे समय सीमा के भीतर आवश्यक सूचनाएं अपलोड करें। भौतिक सत्यापन 3 अगस्त 2026 को पूरा किया जाएगा।

बरेली। यूपी बोर्ड 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को शुचितापूर्ण, नकलविहीन कराने के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने जिले के सभी राजकीय, अशासकीय और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इस संबंध में कड़े निर्देश जारी किए हैं। शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए विद्यालयों की अवस्थापना संबंधी भौतिक संसाधन युक्त विभिन्न सुविधाओं और आधारभूत सूचनाओं को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट Upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड किया जाना है। यह प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 18 सितंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।
डीआईओएस ने स्पष्ट किया है कि प्रधानाचार्यों द्वारा वेबसाइट पर अपलोड की गई सूचनाओं का मिलान और भौतिक सत्यापन जिलाधिकारी द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति के माध्यम से कराया जाएगा। इस भौतिक सत्यापन को कराने की अंतिम तिथि 3 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे समय-सीमा के भीतर सटीक सूचनाएं अपलोड करना सुनिश्चित करें।


