व्यक्तिगत परीक्षार्थी 10 अगस्त तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड की वर्ष 2027

सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बोर्ड की समय-सारिणी के अनुसार जनपद के सभी अग्रसारण केंद्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
आवेदन की प्रक्रिया
डीआईओएस अरुण कुमार ने बताया कि व्यक्तिगत परीक्षार्थी पांच अगस्त तक अपने आवेदन संबंधित अग्रसारण केंद्रों पर जमा कर सकेंगे। इसी अवधि में प्रधानाचार्य आवेदन पत्रों का अग्रसारण कर परीक्षा शुल्क प्राप्त करेंगे। 10 अगस्त तक परीक्षा शुल्क कोषागार में जमा कराया जाएगा, जबकि शुल्क एवं अभ्यर्थियों का विवरण 16 अगस्त की रात 12 बजे तक ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। डीआईओएस ने बताया कि जो अभ्यर्थी 10 अगस्त तक आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें 16 अगस्त तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क जमा कर आवेदन करने का अवसर मिलेगा। ऐसे अभ्यर्थियों के आवेदन एवं शैक्षिक विवरण 20 अगस्त की रात 12 बजे तक पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। बताया कि आवेदन विवरण 20 अगस्त की रात 12 बजे तक पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। ऑनलाइन अपलोड विवरण का सत्यापन 21 से 31 अगस्त तक किया जाएगा। नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय, फोटो अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर एक से 10 सितंबर तक संशोधन कराया जा सकेगा। अंतिम फोटोयुक्त नामावली एवं संबंधित अभिलेख 30 सितंबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा किए जाएंगे।
परीक्षा शुल्क निर्धारित
यूपी बोर्ड ने निजी परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क भी निर्धारित किया है। हाईस्कूल के लिए 706 रुपये, इंटरमीडिएट के लिए 806 रुपये व विषय सुधार या अतिरिक्त विषय के लिए 206 रुपये शुल्क तय किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय से आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
सिद्धार्थनगर, हिन्दुस्तान टीम।
मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान पोर्टल पर भरी जा रही सूचनाओं में हैरान करने वाली खामियां सामने आ रही हैं। सबसे अधिक त्रुटियां बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों के आवेदन पत्रों में देखने को मिल रही हैं। जन्मतिथि और सेवानिवृत्ति तिथि जैसे महत्वपूर्ण कॉलम में ऐसी प्रविष्टियां दर्ज की गई हैं, जिन्हें देखकर विभागीय अधिकारी भी आश्चर्यचकित हैं।
आवेदन में त्रुटियां
जांच के दौरान कई ऐसे आवेदन मिले, जिनमें जन्मतिथि एक अक्टूबर 1984 दर्ज है जबकि सेवानिवृत्ति की तिथि 31 मार्च 1947 अंकित कर दी गई है। इसी प्रकार एक अन्य आवेदन में जन्मतिथि 20 अप्रैल 1987 और सेवानिवृत्ति तिथि एक अक्टूबर 1947 दर्ज है। वहीं एक अन्य अभ्यर्थी की जन्मतिथि 10 जनवरी 1978 और सेवानिवृत्ति तिथि 31 मई 1927 भरी गई है। ऐसे उदाहरण केवल कुछ बानगी भर हैं। बड़ी संख्या में आवेदन इसी प्रकार की त्रुटियों से प्रभावित बताए जा रहे हैं। इन गलत प्रविष्टियों के कारण मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के लिए पात्र कर्मचारियों के आवेदन स्वीकृत नहीं हो पा रहे हैं। बीएसए कार्यालय में आवेदन पत्रों की जांच कर रहे कर्मचारी लगातार ऐसे प्रकरणों को रिजेक्ट कर रहे हैं, जिससे आवेदकों को दोबारा सही जानकारी के साथ आवेदन करना पड़ रहा है।
समाप्ति से पहले सावधानी
मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करते समय कई कर्मचारियों की ओर से जन्मतिथि एवं सेवानिवृत्ति तिथि सहित अन्य विवरण गलत भर दिए गए हैं। ऐसे आवेदन नियमानुसार रिजेक्ट किए जा रहे हैं। सभी शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक आवेदन अंतिम रूप से सबमिट करने से पहले सभी प्रविष्टियों का मूल अभिलेखों से मिलान अवश्य करें, ताकि उनका आवेदन बिना किसी बाधा के स्वीकृत हो सके।
- शैलेश कुमार, बीएसए


