बेवजह चेन खींचकर रोकी ट्रेन, आठ माह में 139 गिरफ्तार
चलती ट्रेनों में अनावश्यक चेन खींचने के मामले बढ़ रहे हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। फफूंद आरपीएफ द्वारा छह महीनों में 139 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से केवल आपात स्थिति में अलार्म चेन का उपयोग करने की अपील की है।

चलती ट्रेनों में बिना किसी आपात स्थिति के चेन खींचना यात्रियों को भारी पड़ रहा है। फफूंद आरपीएफ पोस्ट क्षेत्र में आठ माह के दौरान अनावश्यक चेन पुलिंग के मामलों में 139 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक जनवरी से 31 अगस्त 2026 के बीच हुई इन कार्रवाइयों में आरोपियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। रेलवे की ओर से यात्रियों की सुरक्षा के लिए ट्रेनों में अलार्म चेन की सुविधा दी गई है। इसका इस्तेमाल आपात स्थिति में ट्रेन रोकने के लिए किया जाता है। इसके बावजूद बिना किसी ठोस वजह के चेन खींचकर ट्रेन रोकने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
इससे संबंधित ट्रेन के साथ पीछे चलने वाली दूसरी ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित होता है। प्रयागराज मंडल की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक फफूंद आरपीएफ पोस्ट क्षेत्र में जनवरी से अगस्त तक अनावश्यक चेन पुलिंग के मामलों में 139 लोगों को पकड़ा गया। आरपीएफ ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर निगरानी कर चेन पुलिंग करने वालों की पहचान कर रही है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से बिना उचित कारण अलार्म चेन नहीं खींचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि अलार्म चेन का इस्तेमाल केवल वास्तविक आपात स्थिति में किया जाना चाहिए। अनावश्यक चेन पुलिंग से ट्रेन का समयपालन प्रभावित होता है और अन्य यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।


