शारदा नहर में मिला 40 वर्षीय अज्ञात युवक शव
काकोरी के विक्रम नगर पुल के पास शारदा नहर में शनिवार को अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पुराना और सड़-गल चुका था, जिसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पहचान के लिए सोशल मीडिया पर फोटो जारी की। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।

काकोरी, संवाददाता। पारा थाना क्षेत्र के विक्रम नगर पुल के पास शारदा नहर में शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने उसे बाहर निकलवाया। शव काफी पुराना होने के कारण पहचान नहीं हो सकी है। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर विक्रम नगर ओवरब्रिज के पास स्थानीय लोगों ने नहर में एक शव देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष है। काफी पुराना होने के कारण शव सड़-गल चुका था और शरीर फूल गया था। इस वजह से चेहरे से पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।
मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। आशंका है कि युवक की मौत कई दिन पहले हुई होगी और शव बहकर यहां पहुंचा हो। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर शव की फोटो प्रसारित कर और आसपास के जिलों के थानों से संपर्क कर मृतक की पहचान कराने में जुटी है।


