पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मिला महिला का शव
रविवार भोर को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के धनपतगंज क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इसी बीच, एक कार ने शव को बचाने के प्रयास में रेलिंग से टकरा गई। घटना मझवारा गांव के पास हुई, जहां सुरक्षा कर्मियों ने सूचना दी।

धनपतगंज, संवाददाता। स्थानीय थाना क्षेत्र से होकर गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार भोर सड़क पर एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसी दौरान एक कार भी शव को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। घटना मझवारा गांव के पास रविवार भोर करीब चार बजे की है। जहां यूपीडा सुरक्षा कर्मी विनय कुमार को सड़क पर एक शव पड़े होने और एक कार दुर्घटना की सुचना मिली। मौके पर पहुंचे सुरक्षाख कर्मी ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर शिनाख्त का प्रयास किया।
थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया वाहन दुर्घटना का लग रहा है। शिनाख्त करवाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुरक्षा कर्मी विनय ने बताया कि इसी दौरान राजस्थान के जयपुर स्थित गोविंदपुरी पोस्ट सुधारा निवासी रविशंकर अपनी पत्नी नेहा कुमारी (32) और दो वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ कार से गाजीपुर की ओर से लखनऊ जा रहे थे। मझवारा के पास चालक को सड़क पर एक महिला का क्षत-विक्षत शव दिखाई दिया। उसे बचाने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया और वह रेलिंग से टकरा गई। सूचना पर यूपीडा सुरक्षा टीम ने मौके पर पहुंचकर कार को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। इसके बाद कार सवार अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।


