निलंबित प्रोफेसर इला अग्रवाल प्रकरण की अगले सप्ताह सुनवाई करेंगे कुलपति
मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. इला अग्रवाल को सीनियरिटी विवाद के कारण निलंबित किया गया है। उन्होंने कुलपति से मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। कुलपति अगले सप्ताह इस मामले की सुनवाई करेंगे, जिसमें डॉ. अग्रवाल और कॉलेज प्रबंधन के पक्ष सुने जाएंगे।

मुरादाबाद। हिंदू कॉलेज की निलंबित प्रोफेसर डॉ. इला अग्रवाल के मामले में विश्वविद्यालय के कुलपति अगले सप्ताह सुनवाई करेंगे। सीनियरिटी विवाद को लेकर कॉलेज की प्रबंध समिति ने डॉ. इला अग्रवाल को निलंबित किया है। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति से मामले में हस्तक्षेप करते हुए अपनी बात रखने की गुहार लगाई है। बताया कि डॉ. इला अग्रवाल और कॉलेज की एक अन्य शिक्षिका के बीच सीनियरिटी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के बीच प्रबंध समिति की ओर से मंगलवार को डॉ. इला अग्रवाल के निलंबन का निर्णय लिया गया था। निलंबन के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर अपना पक्ष रखने के लिए कुलपति से संपर्क किया है।
अब कुलपति अगले सप्ताह मामले की सुनवाई करेंगे। इसमें डॉ. इला अग्रवाल का पक्ष सुना जाएगा और कॉलेज प्रबंधन की ओर से लिए गए निलंबन के निर्णय से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली जाएगी। इसके बाद मामले में आगे की प्रक्रिया तय होने की संभावना है।डॉ. इला अग्रवाल का कॉलेज के प्राचार्य के साथ भी विवाद रहा है। उन्होंने प्राचार्य पर उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इस मामले की दो बार जांच हो चुकी है, हालांकि जांच में उनके आरोप साबित नहीं हुए थे। अब सीनियरिटी विवाद से जुड़े निलंबन के मामले में कुलपति की सुनवाई पर सभी की निगाहें हैं। कुलपति प्रोफेसर सचिन महेश्वरी ने बताया कि अगले सप्ताह मामले की सुनवाई की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

