राज्य विश्वविद्यालय : अंतरमहाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं में अब मूल दस्तावेजों की जांच
प्रो. राजेंद्र सिंह विश्वविद्यालय ने अंतरमहाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं का स्पोर्ट्स कैलेंडर जारी किया है। सभी संबंधित महाविद्यालयों को अपने खिलाड़ियों के विवरण भेजने और आवश्यक दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिता से पहले पात्रता पत्रों की जांच की जाएगी और सही प्रमाणपत्र न मिलने पर टीम को बाहर किया जाएगा।

प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय ने अंतरमहाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं का स्पोर्ट्स कैलेंडर जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की क्रीड़ा परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार प्रतियोगिताएं विश्वविद्यालय परिसर में होंगी। संबंधित महाविद्यालयों को अपने खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं की जानकारी समय से देने और प्रतिभागिता के लिए भेजने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि टीम या कैंप के लिए खिलाड़ियों का चयन क्रीड़ा सचिव, आयोजन सचिव और विश्वविद्यालय से नामित खेल विशेषज्ञ की समिति करेगी। टीमों को 10वीं और 12वीं के अंकपत्र व प्रमाणपत्र, वर्तमान कक्षा की मार्कशीट, फीस रसीद, तीन फोटो, आई-कार्ड, तीन प्रतियों में पात्रता पत्र और आधार कार्ड की प्रतिलिपि जमा करनी होगी।
आधार कार्ड निर्धारित प्रारूप पर प्राचार्य से अग्रसारित होना जरूरी है। टीमों को मान्यता प्राप्त किट के साथ मैनेजर या प्रशिक्षक के साथ मैदान पर पहुंचना होगा। प्रतियोगिता शुरू होने से पहले आयोजक पात्रता पत्रों की जांच करेंगे। गलत प्रमाणपत्र मिलने पर टीम को प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा। अतिरिक्त खिलाड़ी को तभी मौका मिलेगा, जब टीम का कोई खिलाड़ी प्रतियोगिता से तीन दिन पहले न जाने का आवेदन क्रीड़ा विभाग में देगा।


