प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कार्यशालाएं आयोजित करेगा इविवि
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की राजभाषा कार्यान्वयन समिति ने विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं पर कार्यशालाओं के आयोजन का निर्णय लिया है। इन कार्यशालाओं में छात्रों को रणनीति, विषयवार तैयारी, समय प्रबंधन और साक्षात्कार संबंधित जानकारी दी जाएगी। इससे छात्रों को करियर में सहायता मिलेगी और उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी।

प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की राजभाषा कार्यान्वयन समिति ने आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। समिति ने विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष कार्यशालाओं के आयोजन का निर्णय लिया है। इन कार्यशालाओं के माध्यम से छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीति, विषयवार तैयारी, समय प्रबंधन तथा साक्षात्कार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी। इस पहल को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के ऐसे शिक्षकों का डाटा तैयार किया जाएगा जो स्वेच्छा से इन कार्यशालाओं में अपना योगदान देना चाहते हैं।
विषय विशेषज्ञ शिक्षक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे, जिससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने में मदद मिलेगी। समिति का मानना है कि इस पहल से छात्रों में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास होगा और उन्हें अपने करियर निर्माण में सहायता मिलेगी। इसके अलावा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ग्रीष्मावकाश के बाद विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक मंच ‘बरगद कलामंच’ के माध्यम से प्रसिद्ध साहित्यकार प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर भव्य नाट्य मंचन का आयोजन किया जाएगा।


