सीएसए विवि में 195 शिक्षकों की भर्ती पर रोक
- विवि के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में फैसला - अब नए सिरे

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) प्रशासन ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पर अचानक से रोक लगा दी है। विवि प्रशासन ने 2025 में 195 शिक्षकों पर जारी विज्ञापनों को रद्द कर दिया है। यह फैसला बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में लिया गया।सीएसए विवि में 2025 के विज्ञापन के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही थी। जुलाई में विवि की वेबसाइट पर इंटरव्यू के लिए आने वाले प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर की लिस्ट भी जारी कर दी गई थी। अब बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में पूरी भर्ती प्रक्रिया को समाप्त करने का फैसला लिया गया है।
विवि में लंबे समय से शिक्षकों के पद रिक्त हैं। इनमें 22 प्रोफेसर, 46 एसोसिएट प्रोफेसर और 127 असिस्टेंट प्रोफेसर के पद हैं। विवि के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में फैसला हुआ है। खाली पदों पर की भर्ती के लिए नए सिरे से नियमावली तैयार की जाएगी। विज्ञापन जारी किए जाएंगे। इसके बाद अभ्यर्थियों से नए सिरे से आवेदन मांगे जाएंगे।

