संविवि की प्रगति रिपोर्ट राज्यपाल को सौंपी
वाराणसी में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान प्रगति और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन पर चर्चा की। राज्यपाल ने शैक्षणिक गुणवत्ता के सुधार और भारतीय ज्ञान परंपरा के संवर्धन के लिए सुझाव दिए।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बुधवार को राज्यपाल और विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। कुलपति ने उन्हें विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियों, वर्तमान योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। कुलपति प्रो. शर्मा ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय की अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रमों में नवाचार, अनुसंधान एवं प्रकाशन की प्रगति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों के विकास की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
विश्वविद्यालय में प्राचीन पाण्डुलिपियों के संरक्षण, डिजिटलीकरण और अभिलेखीकरण कार्यों के बारे में भी बताया। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता के निरंतर उन्नयन, अनुसंधान के विस्तार और भारतीय ज्ञान परम्परा के संवर्धन की दिशा में और अधिक प्रभावी पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि कुलाधिपति से प्राप्त मार्गदर्शन विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, अनुसंधानात्मक, अधोसंरचनात्मक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है।


