हरेला पर एसजीआरआर इंटर कॉलेज में हुआ विशेष पौधरोपण
देहरादून के एसजीआरआर इंटर कॉलेज में हरेला पर्व पर एक विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्या प्रतिभा पाठक ने शहीद स्मारक की पावन मिट्टी में पौधे लगाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति का संदेश दिया गया। मेयर सौरभ थपलियाल ने इस पहल को महत्वपूर्ण बताया और विद्यार्थियों में पर्यावरण चेतना को बढ़ावा देने की अपील की।
देहरादून। नेहरूग्राम स्थित एसजीआरआर इंटर कॉलेज में हरेला पर्व के अवसर पर गुरुवार को विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रतिभा पाठक सियाचिन सीमा पर स्थित शहीद स्मारक से लाई गई पावन मिट्टी में पौधरोपण कराया। मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों की तपोभूमि की मिट्टी में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि हरेला केवल पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण का संकल्प है। वक्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सियाचिन की पवित्र मिट्टी में पौधरोपण से विद्यार्थियों में पर्यावरण चेतना के साथ देशभक्ति की भावना भी मजबूत होगी। इस अवसर पर सुभाष भट्ट (सदस्य, गन्ना विकास समिति, उत्तराखंड), रविंद्र मोहन काला (सचिव, स्काउट एवं गाइड), विजयलक्ष्मी नेगी (स्थानीय पार्षद), चंद्रशेखर जोशी (शांतिकुंज, हरिद्वार), प्रधानाचार्या प्रतिभा पाठक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने प्रदेशवासियों से मानसून के दौरान कम से कम एक पौधा लगाने और हरित एवं समृद्ध उत्तराखण्ड के निर्माण में योगदान देने की अपील की।


