कांवड़ियों की सेवा में 15 साल से जुटी समिति
ट्रांस हिंडन में कांवड़ यात्रा के दौरान परमवीर अब्दुल हमीद कल्याण समिति ने 15 वर्षों से कांवड़ियों की सेवा का कार्य किया है। समिति के सदस्य धर्म के परे जाकर प्राथमिक उपचार, भोजन और आराम की व्यवस्था करते हैं। उनका उद्देश्य केवल जरूरतमंदों की मदद करना है, जिससे आपसी सद्भाव और भाईचारा बढ़ता है।

ट्रांस हिंडन, अफजल खान। कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा और भाईचारे की अनूठी मिसाल ट्रांस हिंडन में देखने को मिल रही है। परमवीर अब्दुल हमीद कल्याण समिति पिछले करीब 15 वर्षों से कांवड़ सेवा शिविर लगाकर घायल और बीमार कांवड़ियों की सेवा कर रही है। समिति के सदस्य धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर शिवभक्तों की मरहम-पट्टी, दवा और प्राथमिक उपचार में सहयोग करते हैं। समिति के अध्यक्ष डॉ. गुलशाद ने बताया कि पैदल लंबी दूरी तय करने के दौरान चोट लगने, पैरों में छाले पड़ने या तबीयत बिगड़ने पर कांवड़ियों को शिविर में उपचार उपलब्ध कराया जाता है। समिति के सदस्यों का कहना है कि सेवा का उद्देश्य किसी धर्म या समुदाय से जुड़ा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद करना है।
शिविर में कांवड़ियों के लिए पानी, भोजन और आराम की व्यवस्था भी की जाती है। समिति की वर्षों से चली आ रही यह पहल आपसी सद्भाव और भाईचारे का संदेश दे रही है। सदस्यों के मुताबिक, कांवड़ियों की सेवा कर उन्हें आत्मिक संतोष मिलता है और समाज में एकता की भावना मजबूत होती है।


