मतभेद भुलाकर एनडीए से जुड़े शरद पवार गुट : अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल होने और एनसीपी (शरद पवार) गुट से एनडीए में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर शरद पवार तैयार नहीं हों, तो पार्टी के सांसदों को खुद एनडीए से जुड़ना चाहिए। अठावले ने आरपीआई में अभिजीत दीपके को शामिल होने का न्योता भी दिया।

नागपुर, एजेंसी। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में जल्द फेरदबल होने और नए चेहरों के शामिल होने के संकेत दिए हैं। उन्होंने एनसीपी (शरद पवार) गुट से भी वैचारिक मतभेद भुलाकर एनडीए में शामिल होने की अपील की। अठावले यहां तक कह गए कि पवार तैयार नहीं हों, तो पार्टी सांसदों को खुद एनडीए से जुड़ना चाहिए। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले सोमवार को नागपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एनसीपी (एसपी) को विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए सत्ताधारी गठबंधन के साथ आना चाहिए। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर शरद पवार इसके लिए तैयार नहीं हों, तो उनकी पार्टी के आठों लोकसभा सांसदों को स्वतंत्र रूप से एनडीए में आने पर विचार करना चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार जल्दी हो सकता है। उन्होंने इसमें भाजपा और एनसीपी के नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलने के संकेत दिए。
दीपके को आरपीआई में आना चाहिए
अठावले ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) संयोजक अभिजीत दीपके को भी अपनी पार्टी ‘रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले)’ में आने का न्योता दे दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर के सपने पूरे करेन और समाज को मजबूत करने के लिए दीपके को आरपीआई में शामिल होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने आरक्षण खत्म करने को लेकर उठ रही मांग पर भी चिंता जताई। कहा कि यह संवैधानिक अधिकार है। सरकार को ऐसी मांग करने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
अठावले का विश्वास सत्ता तक सीमित : एनसीपी (एसपी)
अठावले के बयान पर एनसीपी (एसपी) ने तीखा पलटवार किया है। राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने कहा कि अठावले दृढ़ रुख वाले व्यक्ति नहीं हैं। आरोप लगाया कि वह सत्ता के अलावा किसी विचारधारा पर विश्वास नहीं करते। दावा किया कि वह हमेशा ख्याली पुलाव पकाते हैं।


