बागेश्वर में सामान्य से तीन गुना ज्यादा बारिश, पौड़ी में रूठा मानसून
उत्तराखंड में जुलाई की शुरुआत बारिश के लिहाज से बेहद असमान रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में औसत रूप से 84.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से थोड़ी अधिक है। बागेश्वर जिले में रिकॉर्ड 218.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पौड़ी में मात्र 25.7 मिमी बारिश हुई।

हल्द्वानी। उत्तराखंड में जुलाई की शुरुआत बारिश के लिहाज से बेहद असमान रही है। मौसम विभाग द्वारा जारी एक से सात जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार, पूरे राज्य में औसत रूप से 84.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य (82.2 मिमी) से करीब दो प्रतिशत अधिक है। हालांकि, जिलों के स्तर पर बारिश में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। जहां बागेश्वर जिले में सामान्य 62.2 मिमी के मुकाबले रिकॉर्ड 218.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य से 351 प्रतिशत अधिक है। वहीं पौड़ी जिले में मानसून रूठा हुआ है, वहां सामान्य (72.8 मिमी) से 65% कम सिर्फ 25.7 मिमी बारिश हुई है。
नैनीताल में आधे से भी कम हुई बारिश
नैनीताल जिले में जुलाई के पहले हफ्ते में सामान्य तौर पर 137.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार केवल 63.1 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है। यानि जिले में वर्षा का ग्राफ सामान्य के मुकाबले 54 फीसदी कम रहा है। चम्पावत में सामान्य से 16%, पिथौरागढ़ 14%, और रुद्रप्रयाग 26% कम बारिश हुई है।
राजधानी व धर्मनगरी में भी निराशा
मानसून ने राजधानी देहरादून व हरिद्वार जिले के लोगों को निराश नहीं किया। देहरादून (92.9 मिमी) और हरिद्वार (68.8 मिमी) बारिश सामान्य या उससे थोड़ी ही बेहतर रही है। वहीं उत्तरकाशी में सामान्य से 45% अधिक (102.9 मिमी), चमोली में 55% अधिक (82.5 मिमी) और टिहरी गढ़वाल में 33% अधिक (76 मिमी) वर्षा हुई है।
खेती और तापमान पर असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जुलाई का यह समय खरीफ की फसलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। कई जिलों में बारिश की इस भारी कमी के कारण खेतों में नमी कम हो रही है, जिससे बुवाई और फसलों के विकास पर सीधा असर पड़ रहा है। बारिश की कमी से मैदानी क्षेत्रों में उमस और गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत नहीं मिल पाई है।
कोट::
जुलाई के पहले हफ्ते में राज्यभर में मानसून की अच्छी बारिश दर्ज की गई है। कुछ जिलों में जरूर कम बरसात हुई है, लेकिन अभी लगातार बारिश का पूर्वानुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में कम बारिश वाले जिलों में भी स्थिति में सुधार होने की पूरी संभावना है।
- डॉ. एएस नैन, मौसम वैज्ञानिक, पंतनगर विश्वविद्यालय


