पत्नी के तानों से आहत बेरोजगार युवक ने अरबल में लगाई फांसी
छिबरामऊ में एक बेरोजगार युवक राजेश सिंह ने पत्नी के तानों से आहत होकर आत्महत्या कर ली। पत्नी वेदिका ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट की थी। राजेश पिछले 10 दिनों से घर से बाहर थे और मानसिक तनाव में थे। परिवार में मातम छा गया है, और राजेश के आत्महत्या के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं।

छिबरामऊ, संवाददाता। पत्नी के तानों से आहत होकर एक बेरोजगार युवक ने हरदोई जिले के अरबल क्षेत्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के घर से अचानक चले जाने के बाद उसकी पत्नी ने छिबरामऊ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने फोन पर परिजनों को घटना की जानकारी दी। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी राजेश सिंह 40 पिछले करीब 10 दिनों से घर से बाहर थे। उनकी पत्नी वेदिका के अनुसार, वर्ष 2014 में दोनों की शादी हुई थी। राजेश के नाम करीब साढ़े चार बीघा जमीन थी, जिससे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था।
करीब तीन वर्ष बाद वेदिका ने छिबरामऊ के एक निजी कॉलेज में नौकरी शुरू कर दी।बेटी के बड़ी होने के साथ उसकी पढ़ाई का खर्च भी बढ़ता गया। वेदिका ने बताया कि करीब 10 दिन पहले उन्होंने राजेश से घर में मौजूद दो जानवरों को बेचने और खुद दिल्ली जाकर काम करने की बात कही थी।इसके बाद राजेश दोनों जानवर लेकर अपनी मौसी के घर भोगांव चले गए।वहां से उन्होंने फोन पर बताया कि वह रायबरेली निवासी अपने भाई शैलेंद्र सिंह के यहां जा रहे हैं। बाद में उन्होंने कानपुर में बहन के घर रुकने की बात कही। वेदिका के अनुसार, राजेश से फोन पर लगातार बातचीत होती रही, लेकिन वह अपनी सही लोकेशन नहीं बता रहे थे। इस पर उन्होंने छिबरामऊ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पांच अक्टूबर की रात करीब नौ बजे भी उनकी राजेश से फोन पर बात हुई थी।वेदिका ने तेज माइग्रेन होने की बात कहते हुए उन्हें घर आने को कहा था। साथ ही छह अक्टूबर को अपना जन्मदिन होने की बात भी बताई थी। राजेश ने घर आने की बात कही, लेकिन वह नहीं पहुंचे। इसके बाद वेदिका ने दोबारा फोन किया तो हरदोई जिले के अरबल पुलिस ने फोन उठाकर राजेश के फांसी लगाने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं परिजनों का कहना है कि राजेश बेरोजगारी को लेकर परेशान रहते थे।उनका आरोप है कि पत्नी की ओर से बेरोजगारी को लेकर लगातार ताने दिए जाने से वह मानसिक रूप से तनाव में थे। वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों में चर्चा है पत्नी ने तलाक के लिए भी न्यायालय में अर्जी लगा रखी थी। इन्हीं परिस्थितियों से आहत होकर राजेश ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

