ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशभारत को बड़ी सफलता, डॉन रवि पुजारी सेनेगल में हुआ गिरफ्तार

भारत को बड़ी सफलता, डॉन रवि पुजारी सेनेगल में हुआ गिरफ्तार

भारतीय एजेंसियों के इनपुट पर सेनेगल में मौजूद डॉन रवि पुजारी को गिरफ्तार किया गया है। अफ्रीकी देश सेनेगल में रह रहे रवि पुजारी को भारतीय एजेंसियों के इनपुट पर गिरफ्तार किया गया है। उस पर भारतीय...

भारत को बड़ी सफलता, डॉन रवि पुजारी सेनेगल में हुआ गिरफ्तार
एजेंसी,नई दिल्लीFri, 01 Feb 2019 07:28 AM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय एजेंसियों के इनपुट पर सेनेगल में मौजूद डॉन रवि पुजारी को गिरफ्तार किया गया है। अफ्रीकी देश सेनेगल में रह रहे रवि पुजारी को भारतीय एजेंसियों के इनपुट पर गिरफ्तार किया गया है। उस पर भारतीय एजेंसियां की लंबे समय से नजर थी। अब उसे भारत लाया जा सकता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रवि पुजारी पर काफी समय से एजेंसियां नजर रखे हुई थीं। इससे पहले रवि पुजारी की लोकेशन बुर्किना फासो में मिली थी। तभी से एजेसियां उसके पीछे पड़ी हुई थीं। बता दें कि रवि पुजारी पर भारत में कई मामले दर्ज हैं।

बीते साल जून में गुजरात के विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवाणी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें फोन कॉल और मैसेज के जरिए धमकाया जा रहा है और धमकाने वाला खुद को रवि पुजारी बता रहा है। मेवाणी को फोन करने वाले शख्स ने दावा किया था कि उसका नाम रवि पुजारी है और वह ऑस्ट्रेलिया में है। उसने कहा था कि वह वहीं से मेवाणी को गोली मरवा सकता है।

डॉन रवि पुजारी के निशाने पर बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां भी रही हैं। रवि पुजारी के गुर्गों ने 2014 में फिल्म निर्देशक महेश भट्ट और फराह खान को भी मारने की साजिश रची थी। मुंबई पुलिस ने उसके गुर्गों को गिरफ्तार करने के बाद यह राज खोला था। यही नहीं, पुजारी के गुर्गों ने बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान के दफ्तर की भी रेकी की थी।

जुहू में फिल्म निर्माता करीम मोरानी के घर पर हुई शूटिंग के बाद पुलिस ने पुजारी गैंग की इस साजिश को नाकाम किया था। गिरफ्तार हुए पुजारी के गुर्गों ने बताया था कि पुजारी ने उन्हें मोरानी भाइयों और महेश भट्ट को मारने के लिए 11 लाख रुपये दिए थे, लेकिन मुंबई क्राइम ब्रांच ने पुजारी के शूटरों को पहले ही पकड़ लिया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें