प्राचीन विद्या से जुड़ी हैं भारतीय राजनीति की जड़ें : डॉ. कृष्णकांत
दरभंगा में आयोजित एक सेमिनार में डॉ. कृष्णकांत झा ने बताया कि प्राच्य विद्या भारतीय राजनीति की गहराइयों को उजागर करती है। उन्होंने प्राचीन भारतीय राजनीतिक दर्शन के सिद्धांतों पर चर्चा की, जिसमें नैतिकता और शासक के कर्तव्यों का महत्व है। उन्होंने बताया कि भारतीय राजनीति अपनी जड़ों से जुड़ी हुई है।

दरभंगा, नगर संवाददाता। प्राच्य विद्या के आलोक में भारतीय राजनीति को समझना केवल समकालीन घटनाक्रमों का विश्लेषण नहीं है, बल्कि यह भारत की उस सहस्राब्दियों पुरानी राजनीतिक चेतना को खंगालना है, जो आज भी देश के लोकतांत्रिक ढांचे और जनमानस को संचालित करती है। प्राच्य विद्या जो भारत के प्राचीन ग्रंथों, दर्शन, संस्कृति और इतिहास का वैज्ञानिक अध्ययन करती है, हमें यह समझने का दृष्टिकोण देती है कि आधुनिक भारतीय राजनीति की जड़ें कितनी गहरी हैं। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत झा ने उक्त बातें कही।
सेमिनार की चर्चा
लनामिवि के स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग में प्राच्य विद्या के आलोक मे भारतीय राजनीति विषयक एक दिवसीय सेमिनार में बतौर मुख्य वक्ता डॉ. झा ने कहा कि प्राचीन भारतीय राजनीतिक दर्शन में राजत्व, न्याय प्रशासन और शासन व्यवस्था से संबंधित मूलभूत सिद्धांतों का अध्ययन करता है, जिसमें बृहस्पति के लेखन, कौटिल्य के अर्थशास्त्र, वाल्मीकि रामायण और महाभारत जैसे महाकाव्यों जैसे प्राथमिक स्रोतों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यह शासकों के अधिकार और राज्य के कार्यों के अंतर्निहित नैतिक, कानूनी और व्यावहारिक आयामों की पड़ताल करता है, जिससे कानून, नैतिकता और शासक के कर्तव्यों पर सूक्ष्म दृष्टिकोण सामने आते हैं, जिन्होंने प्राचीन भारतीय शासन व्यवस्था के बौद्धिक परिदृश्य को आकार दिया। अध्यक्षता करते हुए राजनीतिशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि प्राच्य विद्या के आलोक में यह स्पष्ट होता है कि भारतीय राजनीति अपने मूल स्वभाव में अध्यात्म और व्यावहारिकता का अनूठा मिश्रण है। आधुनिक भारत ने भले ही पश्चिमी कूटनीतिक और संवैधानिक ढांचे को अपनाया हो, लेकिन उसकी आत्मा आज भी प्राचीन भारतीय मूल्यों से ही ऊर्जा प्राप्त करती है।
भारत की राजनीतिक जड़ें
जब तक भारतीय राजनीति अपने इन प्राच्य और सनातन मूल्यों (न्याय, करुणा, सहिष्णुता और लोक-कल्याण) से जुड़ी रहेगी, तब तक इसका लोकतांत्रिक ढांचा अक्षुण्ण और जीवंत बना रहेगा। विषय प्रवेश करते हुए पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. मुनेश्वर यादव ने कहा कि प्राचीन भारतीय चिंतन में पश्चिम की तरह राजनीति को केवल सत्ता संघर्ष के रूप में नहीं, बल्कि राजधर्म के रूप में देखा गया। प्रो. यादव ने प्राच्य राजनीति और आधुनिक राजनीति की तुलना करते हुए कहा कि महाभारत के शांतिपर्व और कौटिल्य के अर्थशास्त्र के अनुसार राजा का एकमात्र धर्म प्रजा का कल्याण है। उन्होनें कहा कि आज की कल्याणकारी राज्य की नीतियां इसी राजधर्म के प्राचीन दर्शन का आधुनिक विस्तार हैं। शोधार्थी नीतीश कुमार के संचालन तथा डॉ. प्रभात दास फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सेमिनार में अतिथियों का स्वागत फाउंडेशन के सचिव मुकेश कुमार झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनोज कुमार ने किया। कार्यक्रम में डॉ. रघुवीर कुमार रंजन, डॉ. नीतू कुमारी सहित कई शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


