जासूसी के आरोप में चीनी शोध संस्थान पर ब्रिटेन सख्त
ब्रिटेन सरकार ने विश्वविद्यालयों से कहा है कि वे चीन जनरल टेक्नोलॉजी रिसर्च इंस्टीट्यूट के साथ सभी सहयोग समाप्त करें। सुरक्षा मंत्री डैन जार्विस के अनुसार, इस संस्थान का ब्रिटेन में जासूसी गतिविधियों से गहरा संबंध है। चीन ने इन आरोपों को खारिज किया और इसे काल्पनिक बताया।

- खुफिया एजेंसी जिसे जासूसी का जरिया मानती है उस संस्थान से संबंध तोड़ें : ब्रिटेन लंदन, एजेंसी। ब्रिटिश सरकार ने बुधवार को विश्वविद्यालयों से कहा कि वे ऐसे चीनी शोध संस्थान के साथ काम करना बंद कर दें, जिसे ब्रिटेन की खुफिया एजेंसी एमआई5 जासूसी का जरिया मानती है।
ब्रिटिश सुरक्षा मंत्री का बयान
ब्रिटेन के सुरक्षा मंत्री डैन जार्विस ने कहा कि ब्रिटिश शिक्षाविदों को चीन जनरल टेक्नोलॉजी रिसर्च इंस्टीट्यूट के साथ सभी तरह का सहयोग समाप्त कर देना चाहिए। एमआई5 के अनुसार ब्रिटेन से जुड़े 100 से अधिक शिक्षाविदों ने ऐसी परियोजनाओं पर काम किया है, जिनके लिए चीन की खुफिया एजेंसियां इस शोध संस्थान के माध्यम से गुप्त रूप से धन मुहैया करा रही थीं। इन परियोजनाओं में साइबर सुरक्षा, एआई, गुप्त संचार प्रणालियों और स्टेग्नोग्राफी से संबंधित शोध शामिल थे। स्टेग्नोग्राफी एक ऐसी तकनीक है, जिसमें संदेशों को किसी अन्य सामग्री के भीतर छिपाया जाता है। ब्रिटिश खुफिया एजेंसी ने कहा कि इस संस्थान के चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय के साथ बेहद मजबूत संबंध हैं। संस्थान ऐसे शोध को वित्तीय सहायता देने की कोशिश करता है, जिससे चीनी सरकार की जासूसी करने की तकनीकी क्षमता बढ़ सके। जार्विस ने कहा कि एमआई5 की चेतावनी से चीन की खुफिया एजेंसियों की उन कोशिशों का खुलासा होता है, जिनके तहत वे ब्रिटिश शिक्षाविदों की विशेषज्ञता और शोध का गुप्त रूप से लाभ उठाना चाहती हैं। उन्होंने विश्वविद्यालयों के प्रमुखों को पत्र लिखकर अपने कर्मचारियों को इस संस्थान के साथ सभी तरह का सहयोग समाप्त करने में मदद देने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस संस्थान के साथ सहयोग करना राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम का उल्लंघन हो सकता है।
चीन का प्रतिक्रिया
चीन ने आरोपों को खारिज किया
ब्रिटेन में चीन के दूतावास के एक प्रवक्ता ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें काल्पनिक और पूरी तरह मनगढ़ंत बताया। उसने ब्रिटेन के समक्ष औपचारिक रूप से अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। प्रवक्ता ने कहा कि ब्रिटेन और चीन के विश्वविद्यालयों के बीच सहयोग स्वैच्छिक आधार पर और संबंधित कानूनों एवं नियमों के अनुरूप होता है।

