उज्जवला योजना में गड़बडृी, उपभोक्ता को नहीं मिला सिलेंडर व चूल्हा
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में एक महिला को गैस सिलेंडर और चूल्हा नहीं मिला है, जबकि उसके नाम पर गैस कनेक्शन दर्ज है। मनीषा ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की है। प्राथमिकता न मिलने के कारण महिला का परिवार गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहा है।

प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हो रही है। महिला उपभोक्ता को न तो रसोई गैस सिलेंडर मिला न ही चूल्हा। वह लगातार इसकी मांग कर रही है, लेकिन उसकी कोई सुन ही नहीं रहा है। महिला ने मामले की अफसरों को शिकायती पत्र भेजा है। जजौली गांव निवासी मनीषा पत्नी अनूप मिश्रा के नाम पर उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दर्ज है। इसके बावजूद परिवार को गैस सिलेंडर और चूल्हा नहीं मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पश्चिमशरीरा क्षेत्र की एक एजेंसी का कर्मचारी केवाईसी के लिए घर आया तो पता चला कि मनीषा के नाम से उज्ज्वला योजना का गैस कनेक्शन पहले से दर्ज है।
इसके बाद अनूप मिश्रा एजेंसी पहुंचे और गैस कनेक्शन के संबंध में जानकारी ली। आरोप है कि एजेंसी में उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर गैस सिलेंडर और चूल्हा पहले ही वितरित किया जा चुका है। जबकि उनका कहना है कि उनके परिवार को आज तक उज्ज्वला योजना के तहत न तो गैस चूल्हा मिला और न ही सिलेंडर दिया गया। पीड़ित ने मामले में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके नाम से कथित रूप से फर्जी तरीके से अंगूठा और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर योजना के तहत मिलने वाला गैस चूल्हा और सिलेंडर किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया गया। वह इस प्रकरण की लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।


