उदय गोप की बरामदगी को लेकर रांची में बैठक, धरना स्थगित
गुमला के नगर कुसुमटोली निवासी उदय गोप की दुबई में लापता होने के बाद उनकी खोज और पुनर्वापसी के लिए रांची में बैठक हुई। प्रवासी मजदूर कार्यालय, अहीर सेना और प्रेजा फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित थे। प्रेजा फाउंडेशन ने आश्वासन दिया कि उदय के परिजनों को दुबई भेजा जाएगा और आवश्यक खर्च कंपनी उठाएगी।

गुमला। दुबई में लापता सिसई प्रखंड के नगर कुसुमटोली निवासी उदय गोप की सुरक्षित बरामदगी और सकुशल भारत वापसी की मांग को लेकर सोमवार को प्रवासी मजदूर कार्यालय रांची में संयुक्त बैठक हुई। इसमें अहीर सेना झारखंड,उदय गोप के परिजन, प्रेजा फाउंडेशन और प्रवासी मजदूर कार्यालय के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में उदय गोप की खोजबीन और कानूनी प्रक्रिया को लेकर चर्चा हुई। अहीर सेना की मांगों पर प्रेजा फाउंडेशन ने लिखित आश्वासन दिया कि उदय के पिता अमर गोप और चंदन कुमार गोप को मामला दर्ज कराने एवं खोजबीन में सहयोग के लिए दुबई भेजा जाएगा। यात्रा का आवश्यक खर्च कंपनी वहन करेगी और कंपनी का एक प्रतिनिधि भी उनके साथ जाएगा।
दुबई में शोभा कंस्ट्रक्शन,भारतीय काउंसलेट और पुलिस से समन्वय में सहयोग का आश्वासन दिया गया। लिखित आश्वासन के बाद अहीर सेना ने एक सितंबर को रेडवा में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया।


