जीनियस और डिफाल्टर की जोड़ी ने अमेजान कंपनी को लगाई 10 लाख की चपत
कानपुर देहात में अमेजान डिलीवरी ऑफिस में नौकरी पाने वाले दो शातिरों ने कीमती सामान के पार्सल मंगाकर, असली माल निकालकर नकली सामान रखकर कंपनी को दस लाख का चूना लगा दिया। भोगनीपुर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से आठ लाख रुपये, मोबाइल, सिम, कार और बाइक बरामद की।

कानपुर देहात, संवाददाता। पुखरायां के अमेजान डिलीवरी आफिस में नौकरी हासिल करने वाले कालपी जालौन के एक शातिर ने अपने दोस्त से मिलकर कीमती सामान के पार्सल मंगाने व उससे असली माल निकालकर उसमें नकली सामान रखकर वापस कर दस दिन के अंदर दस लाख का चूना लगा दिया। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भोगनीपुर पुलिस ने दोनों शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पुलिस ने ठगे गए आठ लाख रुपयों के अलावा, तीन मोबाइल,6 सिम, एक कार, एक बाइक भी बरामद की। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया।
शातिरों की पहचान
पुखरायां स्थित अमेजान डिलीवरी आफिस में डेढ़ माह पूर्व डिलीवरी ब्वाय की नौकरी हासिल करने के बाद गणेश गंज कालपी जालौन निवासी रोहित ठाकुर उर्फ डिफाल्टर उर्फ कुणाल पुत्र नरेन्द्र प्रताप सिंह ने कुणाल शर्मा पुत्र अजय शर्मा के नाम से नौकरी हासिल कर ली। कालपी रूट मिलने के बाद उसने कालपी में ही रहने वाले अपने दोस्त मंजीत गुप्ता उर्फ जीनियस पुत्र श्याम कृष्ण गुप्ता के साथ मिलकर अमेजान आफिस का दुरुपयोग कर मंहगे सामानों की धोखाधड़ी करने की योजना बनाई।
धोखाधड़ी की योजना
इसके तहत मंजीत गुप्ता ने अलग- अलग फर्जी नाम व मोबाइल नंबरों से एप्पल व अन्य कंपनियों के हाईवेल्यू प्रोडक्ट एप्पल ईयरबट्स, रिस्ट वॉच आदि को कैश ऑन डिलेवरी व ऑन-पे आर्डर बुक किये गये। पुखरायां आफिस से रोहित उर्फ कुणाल को डिलीवरी वितरण के लिये मिलते ही वह फोन से मंजीत को सूचित करता था और मंजीत आर्डर कैंसिल कर देता था। रास्ते में दोनो मिलकर पार्सलों को हीटगन का प्रयोग कर सावधानीपूर्वक खोलकर इनमें से मूल उत्पाद निकालने के बाद उनके स्थान पर डमी उत्पाद रखकर पार्सलों को पुन: पैक कर अमेजान को वापस कर कंपनी के साथ धोखाधड़ी की जाती थी। दस दिन के अंदर इन दोनों ने कंपनी को करीब दस लाख का चूना लगा दिया।
पुलिस कार्रवाई
मामले में पुखरायां स्थित डिलीवरी अफिस का काम देख रहे शिवाजीनगर रूरा निवासी महेंद्र कुमार ने भोगनीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद सक्रिय हुई भोगनीपुर पुलिस के साथ एसओजी व सर्विलांस टीम ने चौरा से बील्हापुर जाने वाले मार्ग के पास से रोहित ठाकुर उर्फ डिफाल्टर व मंजीत गुप्ता उर्फ जीनियस को गिरफ्तार कर लिया। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि पार्सल से दस दिन में दोनों ने कीमती सामान बेंचकर दस लाख हासिल किए थे। उनके कब्जे से ठगे के रुपयों में 8 लाख रुपयों के अलावा , एक कार तीन मोबाइल 6 सिम, एक बाइक बरामद की गई है। शेष दो लाख रुपये उनके खातों से वापस कराने की प्रकिया शुरू की गई है। रोहित के खिलाफ हजरतगंज लाखनऊ में 2019 में व मंजीत गुप्ता के खिलाफ गोविंदनगर कानपुर में 2021 में पहले से ही धोखाधडी के मुकदमें दर्ज हैं। पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया गया।
-दस दिन में दस लाख का माल ठगने वाले शातिर गिरफ्तार
-कालपी के रहने वाले हैं दोनों शातिर, पूछताछ के बाद हुआ चालान
फोटो 19 एकेबी 3
परिचय-धोखाधड़ी में पकड़े गए शातिरों के बावत जानकारी देती एसपी।


