दो बहनों को ससुरालियों ने बंधक बनाकर पीटा
पलवल में दो बहनों को बंधक बनाकर मारपीट की गई है। आरोपी उन्हें धमकी देते हैं कि कानूनी कार्रवाई करने पर तलाक दिया जाएगा। अपनी जान बचाने के लिए एक बहन ने पिता को फोन किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की और दोनों बहनों को सुरक्षित बचाया।

पलवल, अजित कुमार। जिले में दो बहनों को बंधक बनाकर मारपीट करने और कानूनी कार्रवाई करने पर 3 तलाक देने की धमकी देने का मामला सामने आया है। उटावड़ थाना पुलिस ने शिकायत पर दोनों बहनों के पति सहित 5 नामजद आरोपियों और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उटावड़ थाना प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार, खिल्लुका गांव निवासी कलसूमन ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसकी और उसकी बहन शबनम की शादी 5 साल पहले मलाई गांव निवासी हसीन और शौकत से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उनके साथ मारपीट कर परेशान करते थे, लेकिन वैवाहिक जीवन को बचाने के लिए दोनों बहनें चुपचाप सब सहती रहीं।
7 जुलाई की सुबह आरोपियों ने दोनों बहनों को एक कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। उन्हें यह भी धमकी दी गई कि यदि उन्होंने शोर मचाया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। किसी तरह कलसूमन कमरे से बाहर निकली और पड़ोसी के मोबाइल से अपने पिता को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। कलसूमन के पिता ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने इसे पारिवारिक मामला बताकर कोई कार्रवाई नहीं की। आठ जुलाई को, उसके पिता फारूक उटावड़ थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। उटावड़ पुलिस ने मलाई गांव जाकर दोनों को बंधन मुक्त कराया और उनके पिता को सौंप दिया। मारपीट के कारण दोनों बहनों को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उन्हें हथीन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।उपचार के बाद 14 जुलाई को कलसूमन ने उटावड़ थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसमें बताया गया कि आरोपियों ने धमकी दी है कि यदि कोई कानूनी कार्रवाई की गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा और तलाक दे दिया जाएगा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


