किशनगंज : कर्तव्य में लापरवाही पर दो पुलिस पदाधिकारियों को एसपी ने किया निलंबित
किशनगंज से शैलेश ओझा की रिपोर्ट किशनगंज। संवाददाता। एसपी संतोष कुमार ने कर्तव्य

किशनगंज से शैलेश ओझा की रिपोर्ट किशनगंज। संवाददाता।एसपी संतोष कुमार ने कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरीय पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना के मामले में दो पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वालों में बिशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी और अभियोजन शाखा, किशनगंज में पदस्थापित अवर निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय शामिल हैं। दोनों को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। विशनपुर थानाध्यक्ष पर की गई कार्रवाई मामले में एसपी ने 30 जून को बिशनपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान थाना के कई अभिलेखों और विभिन्न कांडों के निष्पादन में गंभीर त्रुटियां पाई गई थीं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था। उनके द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने के बाद एसपी संतोष कुमार ने उन्हें निलंबित कर दिया।उन पर कर्तव्यहीनता, मनमानेपन, अनुशासनहीनता और वरीय पदाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं।वहीं, अभियोजन शाखा में पदस्थापित अवर निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय के खिलाफ सिपाही गौतम कुमार ने 4 सितंबर को एसपी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सुपर पेट्रोलिंग जोन-4 में ड्यूटी के दौरान अवर निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय ने उनके साथ गाली-गलौज की। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र किशनगंज से कराई गई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए जाने के बाद एसपी ने अवर निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय को भी निलंबित कर दिया।एसपी संतोष कुमार ने कहा कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्ट आचरण के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


