कर्नाटक में अवैध रूप से रह रहे दो पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार
चिक्कबल्लापुर जिले में दो पाकिस्तानी नागरिकों, फराह नाज और उसके बेटे मोहम्मद फरदीन, को राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र बनवाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने जानकारियों को छिपाकर ये दस्तावेज प्राप्त किए थे। जांच जारी है और संबंधित दस्तावेज रद्द कर दिए गए हैं।

चिक्कबल्लापुर, (कर्नाटक)एजेंसी।, चिक्कबल्लापुर जिले में राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र बनवाकर रह रहे दो पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। चिक्कबल्लापुर के पुलिस अधीक्षक कुशल चौकसे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में फराह नाज और उसका बेटा मोहम्मद फरदीन है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, विदेशी अधिनियम की संबंधित धारा के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिली थी कि दोनों पाकिस्तानी नागरिकों ने जानकारी छिपाकर राशन कार्ड और भारतीय मतदाता पहचान पत्र हासिल कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि चिक्कबल्लापुर पुलिस की ओर से स्पष्टीकरण मांगने के बाद उपायुक्त ने रिकॉर्ड का सत्यापन किया और तथ्यों को छिपाकर हासिल किए गए राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र को रद्द कर दिया गया है।
इसके साथ ही मामले की जांच की जा रही है।


