जिले के इतिहास में पहली बार, दो पूर्व सैनिकों को मिला वेटरन अचीवमेंट अवॉर्ड
उरई। संवाददाता जालौन जिले के इतिहास में पहली बार दो पूर्व सैनिकों को

उरई। संवाददाता जालौन जिले के इतिहास में पहली बार दो पूर्व सैनिकों को सेना के प्रतिष्ठित वेटरन अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान गुरुवार को झांसी छावनी में आयोजित सैनिक समारोह में दिया गया।दक्षिणी कमान मुख्यालय के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने जालौन जिले के पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक एवं प्रेरणा स्रोत मेजर घनश्याम सिंह और एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक कैप्टन अखिलेश नगायच को यह अवॉर्ड प्रदान किया। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी दोनों अधिकारियों ने कर्तव्यनिष्ठा, कार्य दक्षता और देशभक्ति का परिचय दिया। उन्होंने देश की प्रगति में अनमोल योगदान देने के साथ समाजसेवा और अन्य पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
इसी आधार पर उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया। आयोजकों ने बताया कि इस अवॉर्ड के लिए कई श्रेणियों में अलग-अलग पैनल गठित किए जाते हैं। सभी पैनलों की संस्तुति के बाद ही अंतिम चयन होता है। समारोह में पुणे छावनी के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर के साथ भोपाल छावनी के कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद सिंह चौहान, झांसी छावनी के जीओसी मेजर जनरल मनदीप सिंह भी मौजूद रहे। एसोसिएशन के वरिष्ठ संरक्षक सूबेदार उदयपाल सिंह, संगठन सचिव नायब सूबेदार दिनेश कुमार निगम सहित बड़ी संख्या में सेना के अधिकारी और जवान इस अवसर पर उपस्थित थे। अवॉर्ड मिलने पर जिले भर के पूर्व सैनिकों और आमजन में खुशी की लहर है।


