सड़क हादसों में डिलीवरी ब्वॉय,कैब चालक की मौत
गुरुग्राम में रविवार को दो सड़क हादसों में एक डिलीवरी ब्वॉय और एक कैब चालक की मौत हो गई। पहला हादसा तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से हुआ, जबकि दूसरा बस की टक्कर से। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

गुरुग्राम, गौरव चौधरी। जिले में रविवार को हुए दो सड़क हादसों में एक डिलीवरी ब्वॉय और एक कैब चालक मौत हो गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-73 स्थित अल्मेडा सोसाइटी के पास रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 22 वर्षीय ब्लिंकिट डिलीवरी ब्वॉय की मौत हो गई। मृतक की पहचान मूल रूप से पुसावली गांव, संभल उत्तर प्रदेश निवासी 22 वर्षीय दामोदर के रूप में हुई। वह परिवार के साथ बेगमपुर खटोला में रहता था।
जांच में सामने आया कि हादसे के वक्त दामोदर ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। वहीं, मुख्य बस स्टैंड के प्रवेश गेट पर रविवार शाम करीब छह बजे पटौदी से गुरुग्राम आ रही बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।मृतक युवक की पहचान हिसार के बक्सी नगर निवासी दीपक के रूप में हुई है। दीपक टैक्सी चालक था और 19 जुलाई को किसी निजी काम से गुरुग्राम आया था। एक बस चालक ने बस स्टैंड गेट के पास दीपक को टक्कर मार दी।


