गर्भवती महिला की मौत के मामले में दो डॉक्टर निलंबित
- मध्य प्रदेश के रीवा की घटना, दो नर्सों पर भी कार्रवाई भोपाल, एजेंसी।

- मध्य प्रदेश के रीवा की घटना, दो नर्सों पर भी कार्रवाई भोपाल, एजेंसी। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के एक सरकारी अस्पताल में एक गर्भवती महिला और उसके अजन्मे बच्चे की मौत के मामले में शुक्रवार को दो डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के दो सदस्यों को निलंबित कर दिया गया।एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को कहा गया कि उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने जांच के आदेश दिए थे। शुरुआती जांच के बाद लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की ड्यूटी डॉक्टर डॉ. सोनल अग्रवाल और एनेस्थीसिया विभाग की डॉ. निधि पांडे को सस्पेंड कर दिया गया।
दो नर्सों को भी निलंबित किया गया है।हटवा गांव की रहने वाली कल्पना मिश्रा को 26 अगस्त की सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसी दिन रात में उनकी और उनके अजन्मे बच्चे की मौत हो गई। मेडिकल रिकॉर्ड से पता चला कि उनका प्लेटलेट काउंट सामान्य से बहुत कम था। उन्हें गंभीर रूप से हाई ब्लड प्रेशर और बढ़े हुए लिवर एंजाइम की समस्या भी थी। परिवार ने डॉक्टरों पर लापरवाही और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था।


